
अपराजिता -140
“आपका चेहरा बहुत खूबसूरत है अखंड बाबू.. यही दिखाइयेगा…!
आपके चेहरे पर अभूतपूर्व तेज़ है, एक चमक है सच्चाई की, ईमानदारी की आभा है.. दुनिया से अलग निष्कलंक निष्पाप है ये चेहरा अखंड बाबू और आपको दुनिया के सामने ये विचारने की कतई आवश्यकता नहीं कि आप ये चेहरा कैसे दिखाएंगे.. ?”
दरवाज़े पर खड़ी रेशम स्तब्ध थी…
तो क्या इसका मतलब अंदर अखंड मौजूद है.. !
वो कुछ सोच कर पलटने ही वाली थी कि अनिर्वान की उस पर नजर पड़ गयी..
“आइये अंदर आइये डॉक्टर रेशम !”
अनिर्वान के रेशम का नाम लेते ही अखंड चौंक गया…
लेकिन उसकी मुड़ कर पीछे देखने की हिम्मत ही नहीं हुई….
लेकिन यज्ञ पीछे घूम गया, वो रेशम को पहचान भी गया, वो पहले भी रेशम से दो तीन बार मिल चुका था..
अनिर्वान के बुलाने पर धीरे धीरे कदम बढाती रेशम अंदर चली आयी.. अनिर्वान ने मुस्कुरा कर उसे एक तरफ लगी कुर्सी पर बैठने का इशारा कर दिया..
वो आई और अनिर्वान के सामने रखी उस कुर्सी पर बैठ गयी, उसकी धड़कने बढी हुई थी, पलकें भीगी हुई थी। उसके ठीक बाजू वाली कुर्सी पर कौन बैठा है उसकी देखने की हिम्मत नहीं थी..।
कुछ कुछ यही हाल उसके ठीक बगल वाली कुर्सी में बैठे अखंड का था..।
रेशम के वहाँ बैठते ही अखंड ने आंखे बंद कर एक गहरी सी साँस भरी और अपनी जगह पर खड़ा हो गया..
“ठीक है सर, हम लोग निकलते हैं अब !”
बिना रेशम की तरफ देखे ही उसने अनिर्वान से कहा और जाने को था कि अनिर्वान ने उसे रोक लिया..।
“रुकिए अखंड बाबू… आपसे जरा एक काम था !”
“हमसे… हमसे क्या काम है ?”
“इनसे मिलिए, ये हैं डॉक्टर रेशम जिन्होंने उस लड़की गेंदा की जाँच की थी.. मुझे लगा आप लोगो को इन डॉक्टर साहिबा से एक बार मिलना चाहिए, जिससे आप भी जान सके कि गेंदा ने क्या क्या झेला है..?
और अखंड बाबू अनंत और वीर आपके जैसे बेगुनाह नहीं है।
उन दोनों ने वाकई कसूर किया है, इसलिए उन्हेँ दंड भी भुगतना होगा.. !”
अखंड ने बाजु वाली कुर्सी पर बैठी रेशम की तरफ देखा, रेशम ने भी धीरे से अपनी पलके उठायी और अखंड की तरफ देख कर पल भर को चौंक गयी..
अगर बाहर कहीं वो इस लड़के को देखती तो पहचान ही नहीं पाती।
कितना बदल गया था अखंड सिंह परिहार !!
वो कॉलेज में इधर उधर अल्हड सा घूमने वाला, मस्तमौला इंसान जैसे कहीं खो सा गया था..
चेहरे पर की चिरपरिचित मुस्कान जाने कहाँ गायब हो गयी थी..
गाल पर की हड्डियां उभर आयी थी..
आँखों का तेज चला गया था, बिखरे बिखरे से बाल जाने कब से जैसे खुद के बनाये जाने की प्रतीक्षा में थे।
रंग तो पहले भी गोरा था, लेकिन अब ज़रा सा पीला सा दिखने लगा था, जैसे किसी ने सारा रक्त सोख लिया हो।
ये वो अखंड सिंह परिहार तो हरगिज़ नहीं लग रहा था… पहले भी वो मोटा नहीं था, लेकिन फिर भी एक सही शरीर सही वजन के अनुपात में नजर आता था। अब तो लग रहा था कैसे दस बारह किलो वजन तो उसका कम हो ही गया होगा.. गले के पास की हड्डियां भी उभर आयी थी।
आंखे ज़रा सी धंसने सी लगी थी..
उफ़ ये क्या हाल बना लिया था इस लड़के ने अपना !!
रेशम भी उसकी तरफ देखती खड़ी हो गयी!!
रेशम स्तब्ध थी, वो अखंड को ही देख रही थी, लेकिन अखंड अब भी उसकी तरफ नहीं देख पा रहा था।
“बैठिये बैठिये परिहार बाबू, बैठिये ! देखिये आप मानौर के सरपंच भी होते हैं, इसलिए भी गेंदा का हाल मैडम के बताये अनुसार आपको पंजीबद्ध करना पड़ेगा, क्यूंकि गेंदा भले ही दूर्वागंज की हो, लेकिन काण्ड तो आपके मानौर के लड़कों ने किया है !”
“जी सर उनकी तरफ से हम माफ़ी..”
अखंड अभी पूरी बात बोल पाता उसके पहले ही अनिर्वान बोल पड़ा..
“नहीं!! उनकी तरफ से आपको माफ़ी मांगने की ज़रूरत नहीं है..।
जिसने गलती की है, उससे हम माफ़ी मंगवा लेंगे। आप उन लोगो की चिंता मत कीजिये.. ! डॉक्टर रेशम ये हैं अखंड सिंह परिहार, मानौर के सरपंच..।
ये पहले छात्र राजनीति का भी हिस्सा रह चुके हैं, लेकिन एक धोखेबाजी के कारण इन्होने सब कुछ छोड़ दिया। वरना हो सकता है आज ये विधायक या किसी अन्य पद पर आपको बैठे नजर आते।
ये मेरा अनुमान है, बाकी अखंड खुद आपको बता सकते हैं !”
“सर.. मैं जानती हूँ इन्हें !” रेशम ने धीमे से कहा और उसकी ये बात सुनते ही अखंड के साथ साथ यज्ञ भी चौंक गया..
लेकिन अनिर्वान तो यही सुनना चाहता था।
यज्ञ भी एक किनारे से झांक कर रेशम को देखने लगा..
अनिर्वान के चेहरे पर हल्की सी मुस्कान चली आयी, लेकिन उसकी वो मुस्कान कोई देख नहीं पाया..
“अच्छा…अरे हाँ याद आया… मैंने ही तो वो केस देखा था… उफ़ कैसे भूल गया?
बाबूराव सबके लिए चाय मंगवा लेना।
देखिये पृथ्वी वाकई गोल है, आज आप दोनों को एक दूसरे के सामने लाकर खड़ा कर ही दिया।
उस केस के इतने सालों बाद अखंड बाबू आज आपको मौका मिला है कि आप अपनी बेगुनाही बता सके..।”
अनिर्वान रेशम की तरफ घूम गया..
“डॉक्टर रेशम, मैं आपकी निजता का पूरा सम्मान करता हूँ। इसलिए उस वक्त भी आपकी रिक्वेस्ट के बाद आपको एक बार भी कोर्ट में नहीं बुलवाया गया…।
आपके मान सम्मान को ठेस ना पहुंचे इसलिए उस केस को सिर्फ अखंड की बेगुनाही साबित होने पर ही बंद करवा दिया गया था।
और असली गुनहगार बाहर ही घूमता रह गया.. ।
क्यूंकि अगर हमें असली गुनहगार तक पहुंचना था तो हमें उसमे आपकी ज़रूरत लगती।
आपको बार बार कोर्ट में सुनवाई के दौरान बुलाया जाता लेकिन आपके परिवार ने इन सब बातों से बचने के लिए पहले ही अर्जी लगा दी थी।
और इसलिए वो केस आज भी वैसा ही अधूरा किसी कचहरी के दफ्तर की अलमारी में कैद पड़ा है..।
आपके साथ जो हुआ बहुत गलत हुआ। उसके लिए करने वाले को कोई माफ़ी नहीं दी जा सकती। लेकिन कहीं ना कहीं कोर्ट ना जाने का फैसला कर के आपने उस असली गुनहगार को माफ़ कर दिया..।
मेरे विचार से आपको वो केस खुलवाना चाहिए, और आपके साथ अन्याय करने वाले असली गुनहगार को सजा दिलवाना चाहिए..।
मैं चाहता हूँ आप दोनों भी इस विषय में बात कर ले… !”
अनिर्वान की बातें यज्ञ भी सुन रहा था.. जैसे ही अनिर्वान के मुँह से उसने सारी बातें सुनी, वो भी चौंक कर रेशम को देखने लगा..
अच्छा!! तो ये थी वो डाक्टरनी जिसके कारण उसके बड़े भाई की ये हालत हो गयी थी..?
लेकिन ये लड़की तो खुद बडी घबराई सी लग रही थी। इसे देख कर ये तो नहीं लग रहा कि ये किसी पर झूठा इल्जाम लगा सकती है।
आज तक यज्ञ को अखंड के केस से जुडी ज्यादा कोई जानकारी नहीं थी..
सही मायनों में उसे कुछ ठीक से पता ही नहीं था। उसने शुरुवात में अखंड से जानना भी चाहा, लेकिन केस के वक्त अखंड जेल में था, और वहाँ उससे मिलने की मियाद इतनी कम होती थी कि कुछ पूछने बताने का वक्त ही नहीं मिलता था..।
केस के कारण वकील बाबू का मिलने जाना ज्यादा ज़रूरी होता था, इसलिए भी उसे मुलाकात का मौका कम मिल पाया था..।
बाबूजी और वकील बाबू ही का मिलना ज्यादा हुआ था..
वकील बाबू खुद भी ज्यादा कुछ नहीं जानते थे, क्यूंकि उनके बोलने से यही समझ आता था कि किसी लड़की ने अखंड भैया पर अभद्र आचरण का आरोप लगाया था।
हैरसमेंट के इस केस को वकील बाबू ने सबूतों के अभाव के कारण जीत तो लिया था लेकिन वो सब लोग, अखंड को उसी समय से हार चुके थे..
अच्छा खासा एक लंबा समय जेल में काटने के बाद अखंड भले ही वहां से बाइज्जत रिहा होकर घर चला आया था, लेकिन वह पुराना वाला अखंड कहीं खो गया था।
उसके बाद अखंड को देखकर यज्ञ की कभी हिम्मत ही नहीं हुई कि उससे पूछ सके कि भैया असल में हुआ क्या था?
और जब अखंड के सबसे करीबी उसके भाई को ही कुछ नहीं पता था तो घर भर के लोग इस बारे में क्या जानते? हर कोई अपने दिमाग और मन के अनुसार अटकलें लगाकर सोचने लगा था। अखंड की मां और काकी यह सोचा करती थी कि अखंड किसी लड़की को पसंद करता था। जिसने उसके प्रेमप्रस्ताव को नकार दिया था। और उस पर झूठा इल्जाम लगा दिया था।
ऐसा ही कुछ अखंड के बाबूजी भी सोचा करते थे। और इसीलिए जब अखंड जेल से छूटकर लौटा, तो घर-भर के लोगों ने उसके लिए विवाह के प्रस्तावों की बाढ़ सी बहा दी थी।
नाते रिश्तेदार भी एक से बढ़कर एक रिश्ते लाने में सजग हो गए थे। लेकिन अखंड एक तरफ तटस्थ बैठा हुआ था। बल्कि इन्हीं आए दिन के तस्वीर दिखाओ कार्यक्रमों से परेशान होकर वह वापस शहर लौट गया था। और एक लंबे समय तक गुमशुदा सी जिंदगी जीने के बाद यज्ञ की शादी के कुछ समय पहले ही गांव वापस लौटा था।
इस बीच में शहर में वह कहां रहता था? क्या कर रहा था? इस बारे में भी घर वालों को ज्यादा कुछ नहीं मालूम था। लेकिन हां इतना जरूर सब समझ गए थे कि वह वापस उसी कॉलेज और यूनिवर्सिटी में नहीं गया था।
वह जहां भी रह रहा था, एक गुमनाम सी जिंदगी बसर कर रहा था।
यज्ञ ने जब रेशम को देखा तो उसके दिल में भी एक ठंडी सी आह अटक गई।
काश इस लड़की ने उसके भाई के दिल की हालत को एक बार समझा होता।
काश इस लड़की ने दुनिया वालों की बातों में आकर अखंड को गुनहगार ना समझा होता, तो आज शायद उसके पास भी भाभी बुलाने के लिए एक रिश्ता मौजूद होता।
अपनी ही सोच पर यज्ञ को संकोच हो उठा। और उसने रेशम पर से नजरे हटा ली।
अखंड अब भी रेशम की तरफ नहीं देख पा रहा था। लेकिन रेशम की आंखों से आंसू बहने लगे थे। अनिर्वान ने रेशम की तरफ देखा और अपने चेहरे पर गंभीरता लाते हुए एक बार फिर उसे समझने लगा
” देखिए डॉक्टर रेशम आपके मन में आपके अतीत को लेकर जो कड़वाहट मौजूद है, उससे आप कितनी परेशान है, यह मैं समझ सकता हूं।
लेकिन आप उसका दूसरा पहलू भी देखने और समझने की कोशिश कीजिए। आप एक लड़की होकर अपनी उस समस्या से लगातार लड़ती आई है। आज तक आपने अपनी लड़ाई अकेले ही लड़ी है। आपके परिवार वालों ने आपका साथ जरूर दिया, लेकिन आपके मन की थकान, आपके मन की पीड़ा को सिर्फ आप जानती हैं। मैं इस बात को समझ सकता हूं ।
बहुत सी तकलीफे ऐसी होती हैं, जिनमें हम चाह कर भी किसी को शामिल नहीं कर सकते। आपके और अखंड के साथ जो भी हुआ, उस हादसे के शिकार आप दोनों बने हैं।
बहुत अलग-अलग तरीकों से आपने जितनी तकलीफ झेली है, उतनी ही तकलीफ अखंड बाबू ने भी झेली है। आपके उस केस को देखने वाला पुलिस ऑफिसर में ही था।
अनिर्वान भारद्वाज!!
मेरे ही थाने में दर्ज था वह केस।
मैं उस वक्त भी यही चाहता था कि यह केस पूरी तरह से सॉल्व हो। अखंड के बेगुनाह साबित हो जाने से केस पूरी तरह खत्म नहीं हुआ था।
बल्कि जिसने आपके साथ गलत किया था, उसका नाम भी सामने आना जरूरी था। लेकिन आपके परिवार वालों ने हाथ पीछे खींच लिए, और केस बंद करने के लिए वाद दायर कर दिया। मैंने आपके वाद पर प्रतिवाद दायर किया था। लेकिन मेरा सीधे तौर पर इस केस से कोई जुड़ाव ना होने के कारण मुझे प्रतिवादी नहीं बनाया जा सका, और इसलिए वह केस वहीं समाप्त कर दिया गया।
लेकिन मैं सच कहूं तो मैं दिल से यह चाहता हूं कि इस केस में असली अपराधी को सजा जरूर होनी चाहिए। और जिस दिन असली अपराधी सजा पाएगा, उस दिन आप और अखंड, आप दोनों अपने मेंटल ट्रॉमा से बाहर निकल सकेंगे। आपको शायद मालूम नहीं है रेशम, लेकिन जितनी परेशानियां अपने झेली होंगी उतनी ही अखंड ने भी झेली हैं।
बल्कि अब तो आप अपनी लाइफ में काफी आगे बढ़ चुकी हैं। आपने शादी भी कर ली, आप नौकरी कर रही हैं। आप एक सामान्य जिंदगी गुजर बसर कर रही है। लेकिन अखंड आज भी उन्हीं काली अंधियारी गलियों में भटक रहा है।
यह वहां से आज तक बाहर नहीं निकल पाया..।
“बस कीजिये सर.. हम ठीक हैं.. इन्हे हमारी वजह से परेशान मत कीजिये, इन्हे जाने दीजिये !”
अखंड ने मरी हुई सी आवाज़ में कहा..
“नहीं अखंड बाबू, इत्तेफाक से ऐसा मौका आया है कि आप दोनों एक दूसरे के सामने मौजूद है। आप एक दूसरे को सारे सच्चाई बता सकते हैं तो आप इस मौके को गवाइये मत। उस वक्त जैसे हालात थे, आप रेशम के सामने सारी सच्चाई नहीं बता सके। लेकिन आज आपके पास मौका है। और इस मौके को अगर अपने गंवा दिया तो आप सारी जिंदगी पछताते रह जाएंगे। आपके मन में जो भी बात है, सब कुछ सच-सच रेशम से कह दीजिए। रेशम मैं तुम से भी यही कहना चाहता हूं कि तुम्हारे मन में जो भी उस केस को लेकर बातें थी, अखंड से एक बार क्लियर कर लो।
इस तरह चुपचाप रोते हुए आप दोनो कभी उस समय को पूरी तरह से नहीं भूल पाएंगे।
आप दोनों के दिल दिमाग में जो बर्फ जमी हुई है, उसको पिघलाने बहुत जरूरत है। वरना आप दोनों ही पागल हो जाएंगे एक दिन…।
मेरे हिसाब से तो आप लोगों को इस केस को वापस खुलवाना चाहिए, तो बताइये रेशम जी क्या सोचती हैं आप इस केस के बारे में ?”
अनिर्वान के सवाल पर रेशम कुछ बोलती,उसके पहले ही एक आवाज वहाँ गूंज गई।
“हाँ ये केस रीओपन होगा.. मैं चाहता हूँ कि ये केस वापस खोला जाये और मालूम चले कि इस सब के पीछे का असली अपराधी कौन है ?”
वहां बैठे सभी लोग इस आवाज़ को सुन कर पीछे को घूम गए। क्यूंकि ये आवाज़ वहां बैठे किसी व्यक्ति की नहीं थी…
सब की नज़रे दरवाज़े की तरफ उठ गयी।
दरवाज़े पर अथर्व खड़ा था।
अपनी बात कहने के बाद वो रेशम की तरफ ही देख रहा था.. उसके मुहं से ये सब सुन कर रेशम के चेहरे पर हवाइयां सी उड़ने लगी..
सत्यानाश !! जो नहीं होना था वो ही हो गया… इतनी देर से इन सब की बातें सुनता खड़ा अथर्व अब जाने क्या सोच बैठा होगा?
ये सोच कर ही भय से थर थर कांपने लगी रेशम और वो खुद को संभाल कर बैठ पाती उसके पहले ही उसका सर घूम गया और वो ज़मीन पर गिरती उसके पहले ही उसके बाजु में खड़े अखंड ने आगे बढ़ कर उसे संभाल कर सहारा दे दिया..
क्रमशः

Resham ke liye ye baat samne aana bahut bada sadma hai bus atharv use sambhal le
Aakhir aaj Akhand or Rasum ka samna ho hi gya,Rasum ki halal kharab ho gyi,Shambhala bhi to Akhand ne,heart touching part,
Aaj samna ho ho gya ….ab toh sach aana hi chahiye….aartharv ne bhi saari baatein sun Li h ….resham ki toh Darr se halat hi kharab ho gyi …aur dekho sambhala bhi kisne …akhand ne
न अब न लिख रही नेक्स्ट पढूंगी सीधे ,छोली 😃🥰
Bht hi badiya part ab atharva ko sari sacchai pta chl chuki h to resham bhi apne Darr ko khatam kr payegi
फाइनली..आज रेशम और अखंड का सामना हो ही गया,..,अखंड की हालत देखकर तो रेशम भी हैरान रह गयी, क्या हालत बना ही है अखंड ने अपनी पर वक़्त की मार सबसे बुरी ऐसा ही अखंड के साथ हुआ वक़्त गुजरता गया वो बस वहीं उसी अँधेरे में थम सा गया,खो गया उस अँधेरे में यहाँ उसे कोई क्या वो खुद ही खुद को ना ढूंढ पाया..।और वो धीरेन्द्र.. गुनहगार होकर भी आज़ाद, मस्त ज़िन्दगी जी रहा पर अब उसे अपनी करनी का फल मिलने वाला है, अनिर्वान छोड़ेगा नहीं उसे…।
लाजवाब, बेहतरीन भाग 👌🏻👌🏻👌🏻👌🏻👌🏻⭐⭐⭐⭐⭐🙏🏻।
Behtareen part 💕💕💕💕💕
Ohhh……akhirkar akhand or resham ka Amna samna ho hi gaya……ab kya hoga mam………egarly waiting
Nice part
Very nyc part 👌