
जीवनसाथी 2- भाग 9
अपना काम निपटा कर राजा दिल्ली से वापस आ चुका था..
महल के अपने ऑफिस में ज़रूरी बातें देखने के बाद वो अपने कमरे की तरफ बढ़ गया.. पिछले तीन दिन से वो महल से दूर था !
अपने कमरे में वो पहुंचा तब शौर्य वहाँ नहीं था.. कमरे में बाँसुरी भी उसे नज़र नहीं आई लेकिन एक दीवार पर राजा और बाँसुरी की बड़ी सी तस्वीर लगी थी.. तस्वीर में राजा सामने देखते हुए मुस्कुरा रहा था और बाँसुरी पीछे से उसकी गर्दन को अपनी बाँहों से घेरे उसके कंधे पर सर रखें मुस्कुरा रही थी…
तस्वीर शौर्य के होने के पहले की थी..
जब बाँसुरी अपनी पहली होली पर अपने मायके गयी थी और व्यस्तताओं के करण राजा नहीं जा पाया था! और अगली सुबह वो बाँसुरी को सरप्राइज़ देने वहाँ अचानक पहुँच गया था !
उसी समय जब होली खेल के आने के बाद राजा का बाँसुरी की ताई के घर खाना खाने जाने का मन नहीं हुआ था, और ताई जी की बहु उन दोनों का खाना वहीँ ले आई थी… उसी दिन ताई जी की बहू के जाने के बाद जब दोनों ने एक साथ खाना खाया तब उसके बाद मुस्कुराते हुए बांसुरी ने राजा के कंधे के पीछे से सर सामने करके खुद मोबाइल पर टाइमर लगा कर यह तस्वीर ली थी…
राजा मंत्रमुग्ध सा उस तस्वीर को देखने में खोया हुआ था! उसे वह दिन, वह पल, वह घड़ियां आंखों के सामने एकदम से कैमरे की रील सी चलती याद आ गई थी ! तभी पीछे से आकर किसी ने उसकी कमर को अपनी बाहों में ले लिया और वो समझ गया कि यह बांसुरी ही थी ! उसने झट उसे खींच कर अपने सामने कर लिया…
बांसुरी मुस्कुराकर राजा के सामने चली आई…
” क्या बात है हुकुम! इतनी सारी तस्वीरें लगी है, उसके बावजूद आपने एक और नई तस्वीर बनवा कर लगवा ली..!
” यह मैंने जानबुझ कर लगवाई है साहेब! क्योंकि अब मैं आपको छोड़कर दूर जा रही हूं आपसे, तो मैं चाहती हूं कि, जब भी सुबह-सुबह आप सो कर उठे तो आपकी सबसे पहले नजर मुझ पर पड़े… यानी मेरी तस्वीर पर पड़े !”
” अच्छा तो यह बात है, लेकिन आपके बाजू में तो मैं भी हूं ! फिर मेरी नजर तो मुझ पर भी पड़ जाएगी..!”
” आपके बिना मैं किसी भी फ्रेम में पूरी लगती ही नहीं! आपके बिना इतनी अधूरी हूं कि, अब अपनी कोई भी अकेले की तस्वीर मैंने बनवानी ही बंद कर दी है..
राजा साहेब !इतना खो न जाएँ…! हमारी तस्वीर देखने में आप इस कदर खो गए कि बैड के ठीक बगल में रखी हुई शौर्य की नई तस्वीर पर आपका ध्यान भी नहीं ग़या!”
” अरे यह तो बड़ा गजब हो गया ! हमारे नन्हे राजकुमार पर हमारा ध्यान ही नहीं गया.. ! वैसे है कहां शौर्य ?”
” रूपा भाभी सा के कमरे में है! सारे बच्चे आज सुबह से वहां पर इकट्ठे हुए है और जम कर उधम मचा रहे हैं.. हमारा शौर्य तो फिर भी छोटा है, लेकिन जया भाभी की बेटी गीत, रूपा भाभी का बेटा हर्ष और रेखा का बेटा यश, यह सारे लोग मिलकर शौर्य की फेयरवेल पार्टी प्लान कर रहे हैं..!”
शौर्य की फेयरवेल पार्टी सुनकर राजा के चेहरे पर हंसी खेल गई वह ज़ोर से हंसने लग गया…
” बताओ आजकल के बच्चे भी कहां से कहां पहुंच गए हैं ! यानी इन लोगों को भी मालूम है कि फेयरवेल क्या होता है ?अरे जाकर उन लोगों को समझाओ कि शौर्य सिर्फ छह-सात महीने के लिए उनसे दूर जा रहा है ! उसके बाद उसे यहीं इसी महल में वापस आना है ! उसके पापा उसके बिना नहीं रह सकते.. और इसलिए वह सिर्फ 6 महीने बीतते ही शौर्य को वापस अपने पास बुला लेंगे..!”
” अच्छा !! इसका मतलब उसके पापा उसकी मम्मी के बिना रह सकते हैं? लेकिन शौर्य के बिना नहीं रह सकते.. इसलिए 6 महीने उसकी मम्मी और शौर्य को अपने से दूर करके, 6 महीने के बाद क्योंकि बेटे की याद सताने लगेगी, इसलिए उन दोनों को वापस बुला लेंगे !
वरना बीवी से तो कोई लेना देना है नहीं ! बीवी चाहे कहीं भी रहे, अपने काम में व्यस्त रहे | बल्कि इससे अच्छा ही है बीवी अपने काम में व्यस्त रहेगी तो राजा साहब को रोका टोकी नहीं करेगी.. क्यों साहब यही बात है ना..?”
” हद जलनखोर हो हुकुम ? अपने बेटे से कौन सी माँ जलती है भला..?”
” साहब, अगर मुझसे ज्यादा किसी और से प्यार करेंगे तो थोड़ी सी जलन तो होगी ना ! हालाँकि शौर्य मेरा ही बच्चा है लेकिन..
बांसुरी अपनी बात पूरी करते-करते शरमा गई और हंसते हुए राजा ने उसे अपनी बाहों में भर लिया…
” चलिए अगर आज शौर्य भी बिजी है, तो हम दोनों अकेले ही कहीं घूम कर आ जाते हैं..!”
बांसुरी झट तैयार हो गई..
“बस पांच मिनट वेट कीजिए, फटाफट रेडी हो कर आती हूं!”
” इतनी रेडी तो हो और क्या रेडी होगी ?”
” साहब आज ऑफिस नहीं गई थी, इसलिए घर पर यह भारी-भरकम राजसी कपड़े पहन कर बैठी हूं ! यह पहन कर मैं बाहर घूमने तो नहीं जा सकती.. बस पांच मिनट दीजिए मैं फटाफट चेंज करके आई..!”
” जल्दी आना हुकुम!”
बांसुरी ने अलमीरा से अपने कपड़े निकाले और कपड़े बदलने के लिए अंदर चली गई और राजा वही पलंग पर टेक लगाए बैठ गया की उसी वक़्त बाँसुरी का फ़ोन बजने लगा…किसी अनजान नंबर से फ़ोन आ रहा था…
बाँसुरी ने किन्ही कारणों से ट्रूकॉलर अपने फ़ोन पर नहीं रखा था इसलिए वो नंबर राजा को समझ में नहीं आया.. कुछ देर देखने के बाद राजा ने फ़ोन बंद कर दिया जिससे कॉल की आवाज़ आनी बंद हो गयी..!
राजा धीमे से सरक कर बिस्तर पर लेट गया और अपनी आँखों पर अपना एक बाजु रख लिया…ऑंखें बंद किये वो कुछ सोच रहा था… सोच इतनी गहरी थी की उसे हलकी सी झपकी लग गयी, उसी वक़्त एक बार फिर फ़ोन की घंटी बजने लगी …
आँखों पर से हाथ हटा कर आँखे गोल कर राजा ने मोबाइल उठा लिया , एक बार फिर उसी नंबर से कॉल आ रहा था.. अबकी बार राजा ने फ़ोन उठा लिया…
लेकिन उसके दो तीन बार हैलो बोलने पर भी दूसरी तरफ से किसी ने कुछ नहीं कहा, और फ़ोन कट गया…
थोड़ी देर मोबाइल हाथ में लिए देखने के बाद राजा नीचे रखने जा रहा था की बाँसुरी चली आई…
“साहब चलें, मै तैयार हूँ !”
“हम्म !” राजा भी अपनी जगह पर खड़ा हो गया, उसने बाँसुरी का मोबाइल उसकी तरफ बढ़ा दिया..
“किसी अनजान नंबर से फ़ोन आ रहा था, एक बार कॉल कर के देख लेना, कोई ज़रूरी फ़ोन कॉल तो नहीं था.. ?”
“ज़रूरी होगा तो सामने वाला खुद कर लेगा.. !”
बाँसुरी ने लापरवाही से फ़ोन अपने पर्स में डाला और राजा के साथ बाहर निकल गयी.. जाते जाते रूपा के कमरे में वो उसे बताती गयी की वो दोनों कुछ देर के लिए बाहर जा रहे हैं…
आज बहुत समय बाद उन दोनों को एक साथ खाली समय मिल पाया था…
बाँसुरी को नयी जगह जाना था, पुराने ऑफिस में वो अपना सारा काम समेट चुकी थी.. इसलिए जाने से पहले दो दिन उसके बचे थे जिनमे उसे सारी तैयारी भी करनी थी……
इधर पिछले कुछ दिनों से व्यस्तता के चलते राजा और बांसुरी में बातें भी कम हो पा रही थी !लेकिन फिर भी उन दोनों का बनाया एक नियम था कि भले ही दिन भर दोनों कितने भी, कहीं भी व्यस्त रहें लेकिन रात का खाना दोनों एक साथ ही खाने की कोशिश किया करते थे….
राजा और बांसुरी दोनों ही साधारण कपड़ों में थे और दोनों अकेले एक दूसरे के साथ वक्त गुजारना चाहते थे..! इसलिए महल के मुख्य द्वार की जगह उन लोगों ने बगीचे के पिछली तरफ वाले दरवाजे को चुना और उधर से निकलकर अपने ही सिक्योरिटी गार्ड्स से छिप कर राजा ने अपनी गाड़ी आगे दौड़ा दी….
आज सालों बाद ऐसा हो रहा था कि राजा खुद गाड़ी चला रहा था और बांसुरी उसके बगल की सीट पर उसकी बाँह थामे बैठी थी…
” साहब ! एक बात कहनी थी तुमसे !”
“कहो हुकुम, कुछ तुम्हारी सुनने कुछ अपनी कहने ही तो तुम्हें महल की चारदीवारी से चुराकर बाहर ले आया हूं..!”
बाँसुरी ने राजा को मुस्कुरा कर देखा और अपने मन की बात बताने लगी…
” रूपा भाभी सा चाहती हैं कि मैं अपने साथ अभी नई पोस्टिंग वाली जगह पर ढेर सारे नौकर चाकर लेकर जाऊं| उनका कहना है एक महाराज एक उनका मददगार रसोईया, दो मेरी हेल्पर, दो शौर्य को संभालने के लिए, एक धोबी, एक माली, एक गार्ड और दो बॉडीगार्ड इतने नौकरों को मैं साथ लेकर जाऊं..?”
बांसुरी आंखें गोल गोल किए राजा की तरफ देखने लगी और राजा के चेहरे पर एक गंभीरता भरी मुस्कान छाई रही..
” हां तो इसमें क्या गलत है..?”
” कम से कम आप तो समझ ले मेरी बात को..! मुझे वहां पर भी गार्ड धोबी माली बॉडीगार्ड सब मिलेंगे फिर मैं राजमहल से क्यों सब लेकर जाऊं? मुझे ऐसा करने में यूँ महसूस होता है जैसे मैं….
बांसुरी अपनी बात पूरी किए बिना ही चुप हो गई और राजा ने आगे बढ़कर उसकी बात पूरी कर दी…
” जैसे तुम बहुत शो ऑफ कर रही हो कि तुम कोई साधारण कलेक्टर नहीं बल्कि एक राजा की पत्नी हो, एक रियासत की महारानी हो ..!”
बांसुरी ने लाचारगी से चेहरा राजा की तरफ घुमा कर गर्दन हाँ में हिला दी…
“तो तुम क्या चाहती हो.. ?”
“मै बस मेरी खास हेल्पर पंकजा को साथ ले जाना चाहती हूँ, और किसी को नहीं.. !”
” देखो बाँसुरी, रूपा भाभी का सोचना भी सही है | अब वो ही राजमाता के स्थान पर हैं ! उन्हें पूरे महल के लोगों के बारे में चिंता होती है ! और सब के बारे में वह सोचा करती है!
तुमसे मुझसे उम्र में कोई बहुत ज्यादा बड़ी नहीं है | हमारी जनरेशन की ही हैं | उनकी सोच भी हमारे जैसी ही है | लेकिन राजमहल की परिपाटी को निभाने के लिए वह बहुत ज्यादा कर्तव्यनिष्ठ है | उन्होंने बचपन से ही महल के नियम और कायदों को समझा है |एक तरह से उन्हें जन्म घुट्टी में महल के कायदे पिलाए गए हैं |
देखो, पहले यह हुआ करता था कि, महल का कोई भी व्यक्ति अगर महल से बाहर जाता था तो वो आठ दस नौकरों के संरक्षण में रहता था ! ऐसा सिर्फ उसकी सुरक्षा के लिए किया जाता था !
पहले के लोगों का यही सोचना था कि सिर्फ अंगरक्षक हर वक्त किसी के साथ नहीं हो सकते, और इसलिए महल वासियों के लिए नौकरों की एक फौज तैयार की जाती थी ! जिनमें उनका एक विशिष्ट खानसामा, रसोईया होता था ! जो उनके लिए अलग से खाना तैयार करके उसे चख कर फिर महलवासियों को खिलाया करता था ! इसी तरह दो या तीन अलग से उनके हेल्पर होते थे, जो उनकी हर काम में मदद किया करते थे ! जिससे राजपरिवार के व्यक्ति को किसी बाहरी व्यक्ति से कोई मदद ना लेनी पड़े | और महल के बाहर का कोई भी इंसान उन्हें किसी तरह का कोई कष्ट न पहुंचा सके | बाकी के समय के लिए अंगरक्षक तो मौजूद होते ही थे..!
बस उसी परिपाटी को निभाते हुए रूपा भाभी अब भी यही चाहती हैं कि तुम्हारे साथ भी उसी कायदे के अनुसार दस ग्यारह नौकरों की फौज जाए, जिससे तुम्हारा खाना बनाने के लिए भी दो विशेष लोग रहे ! तुम्हारी अपनी सेवा के लिए दो विशेष नौकर, शौर्य के लिए दो अलग, तुम्हारा माली, धोबी यहां तक कि तुम्हारे अंगरक्षक भी महल के ही हो ! जिन्हें हम पहले से ही जानते हैं और जो हमारे विश्वास पात्र हैं!
मैं जानता हूं तुम जिलाधीश के पद पर वहां जॉइन करने जा रही हो और तुम्हारी पद प्रतिष्ठा के अनुसार तुम्हें सारे नौकर चाकर सरकार की ओर से दिए जाएंगे ! लेकिन यह भी एक सत्य है कि उनमें से किसी को भी हम पहले से नहीं जानते, ना ही वह हमारे विश्वास पात्र हैं ! हालांकि यह सरकार के आदमी होंगे इसलिए इनका पुलिस वेरिफिकेशन वगैरह किया गया होगा लेकिन फिर भी बात विश्वास की है..!
तुमने तो शुरू से ही देखा है राज महल यानी षड्यंत्र के खेलों का दूसरा नाम है |
ठीक है, मैं मानता हूं आज हमारे महल में सब कुछ सही है, सब एक दूसरे से बहुत प्यार करते हैं | लेकिन इस महल के बाहर हमारे दुश्मनों की अब भी कोई कमी नहीं है!
शायद इसीलिए रूपा भाभी तुम्हारे साथ इतने सारे नौकर भेजना चाहती है क्योंकि वह भी जानती हैं कि उनका देवर अजातशत्रु शत्रुओं से घिरा हुआ है…!”
अपनी बात पूरी करते हुए राजा ने एक नज़र बाँसुरी पर डाली पर बाँसुरी के चेहरे पर वही भारीपन तारी था की जैसे उसे ये नौकरों की फ़ौज वाली बात रास नहीं आ रही…
“ये तुम्हारी सुरक्षा के लिए है हुकुम, इसे इस ढंग से मत सोचो कि नौकरों की फौज लेकर जाने से तुम्हारा किसी भी तरीके से शो ऑफ़ होगा..!”
” साहब प्लीज मेरी बात को समझियेगा ! मेरे और शौर्य दोनों के लिए ही पंकजा काफी होगी ! मुझे सुबह सुबह निकलना हुआ करेगा, क़भी आठ तो क़भी नौ बजे निकल जाना होगा ऑफिस के लिए ! उसके बाद पंकजा शौर्य की देखभाल कर लेगी! खाना बनाने के लिए वहाँ ऑलरेडी रसोईया है ! इसलिए मुझे बाकी किसी भी काम के लिए कोई हेल्प नहीं चाहिए प्लीज!”
” ठीक है जैसी तुम्हारी मर्जी..!”
बांसुरी मुस्कुराने लगी लेकिन राजा के चेहरे से मुस्कान गायब हो चुकी थी.. रास्ते के दूसरी तरफ एक ठेलेवाला भुनी हुई मूंगफलीयां बेच रहा था ! हल्की हल्की सी बारिश हो रही थी ! बांसुरी ने उस मूंगफली वाले की तरफ दिखाकर राजा को इशारा किया लेकिन राजा ने ना में गर्दन हिला दी…
” हम दोनों इस तरह से कहीं भी बाहर नहीं खा सकते हुकुम ! इस बात को याद रखा करो ! मैं अपनी आधी जिंदगी में इतने धोखे खा चुका हूं कि अब जाकर मुझे यह रियासत और यहां के प्रपंच समझ में आने लगे हैं.. कि युवराज भाई साहब और डैड हमेशा मेरी सुरक्षा को लेकर इतना चिंतित क्यों रहते थे!
अब उन्हीं की तरह तुम्हें और शौर्य को लेकर मैं चिंतित रहने लगा हूं! एक जमाना था, जब मैं महल के नियमों को तोड़ कर आगे बढ़ जाया करता था! लेकिन उन्हीं कारणों से कई बार मुझे बहुत कुछ झेलना भी पड़ा है..!
राज महल में पैदा होने का और राजमहल से जुड़ने का खामियाजा तो हमें भुगतना ही पड़ेगा ना!
तुम और मैं नहीं जानते कि हमारा दुश्मन कब किस रूप में कहां से और कैसे प्रकट हो जाएगा? हो सकता है उस मूंगफली वाले के मूंगफली के दानों में किसी ने हमारे लिए कुछ मिला कर छोड़ रखा हो !
इसलिए तुम्हें एक बार फिर समझा रहा हूं कि, सिर्फ पंकजा के साथ तुम्हें और शौर्य को मैं अकेला नहीं भेज सकता!
प्रेम की सिक्योरिटी टीम बीटा के चार गार्ड्स तुम्हारे साथ हमेशा रहेंगे.. !
कुछ बातो का ध्यान तुम्हें खुद को भी रखना होगा..! चाहे तुम्हारे आसपास कितने भी गार्ड्स मौजूद रहें, लेकिन अपनी और शौर्य की सुरक्षा की जिम्मेदारी असल में तुम्हारे ही कंधों पर है ! इसलिए हर वक्त जितनी चौकन्नी रहो उतना अच्छा है ! फिर कुछ महीनों की बात है, फिर मेरी यही कोशिश रहेगी कि तुम्हें वापस यहां अपने पास बुला लूँ.. !”
” मैं जानती हूं साहेब!आप चाहे तो अभी के अभी मेरा तबादला रुकवा सकते हैं,लेकिन मेरा काम और मेरा स्वाभिमान हमेशा आपने मुझ से भी ऊपर रखा है ! और कहीं मुझे बुरा ना लग जाए इसलिए आप मुझे जाने की इजाजत दे रहे हैं ! यही बहुत बड़ी बात है | चलिए आपके उस प्यार के लिए, आपके इन चार बीटा गार्ड्स को भी मैंने उसी नाज़ से स्वीकार किया… अब खुश !!”
“बहुत खुश !”
बाहर की हल्की हल्की बारिश को महसूस करने के लिए बांसुरी ने अपनी तरफ का कांच नीचे किया और हाथ बाहर की और निकाल दिया… अपनी हथेलियों में थोड़ा सा पानी इकट्ठा करके उसने राजा के चेहरे पर फेंक दिया…
” एक बच्चे की मां बन गई हो, लेकिन तुम्हारा बचपना आज तक गया नहीं है बाँसुरी.. !”
राजा ने खींचकर बांसुरी के गाल अपने गालों पर लगा कर रगड़ दिए जिससे राजा के चेहरे का पानी बांसुरी के चेहरे पर भी आ गया.. वो खिलखिलाकर राजा को खुद से दूर करने लगी… अब तक सुनसान सी पड़ी सड़क पर धीरे-धीरे गाड़ियों की आवाजाही शुरू हुई और राजा ने वापस वहाँ से गाड़ी आगे बढ़ा ली…
बांसुरी ने चलती गाड़ी में रेडियो ऑन कर दिया..
तुम को पिया दिल दिया कितने नाज़ से
नैना लड़ गए भोले भाले कैसे दगाबाज़ से..
तुम को पिया दिल दिया कितने नाज़ से….
“बाँसुरी मुझे लगता है तुम्हारा फ़ोन बज रहा है.. ?”
बाँसुरी का पर्स पिछली सीट पर पड़ा था और गाने में मगन बाँसुरी का ध्यान अपने फ़ोन पर नहीं था..
“ओह्ह हाँ, सॉरी !! आज तो लग रहा है मैं सिर्फ साहब की पत्नी हूं, बाकी सब मै भूल बैठी हूँ इसलिए फ़ोन की आवाज़ पर भी ध्यान नहीं गया.. !”
हंसते हुए बांसुरी ने पीछे से अपना पर्स उठाया और उसमें से अपना फोन निकाल लिया….
बांसुरी ने लपक कर फोन पिक किया और हैलो बोला लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला..
बाँसुरी के दो तीन बार हेलो बोलने के बावजूद जब दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला तो बांसुरी ने एक बार फोन की स्क्रीन दूर करके देखा कि फोन कहीं डिस्कनेक्ट तो नहीं हो गया है लेकिन दूसरी तरफ से फोन चालू था…
राजा का ध्यान फोन की स्क्रीन पर गया तो उसके माथे पर सलवटे उभर आई…
क्योंकि यह वही नंबर था जिसे कमरे में राजा ने उठाया था और राजा की आवाज सुनते ही फोन डिस्कनेक्ट हो गया था जबकि अभी बांसुरी के लगातार बोलने के बाद भी फोन डिस्कनेक्ट नहीं किया गया था…
राजा ने बांसुरी से इजाजत ली और उसका फोन अपने हाथ में लेकर स्पीकर में डालने के बाद खुद हेलो बोल दिया..
राजा की आवाज सुनते ही वापस दूसरी तरफ से फोन डिस्कनेक्ट हो गया!
राजा ने एक ठंडी सांस भरी और उस नंबर को उसी वक्त समर को भेजकर उसे फोन लगा लिया..
” समर तुम्हें अभी एक नंबर भेजा है, इस नंबर की जितनी जानकारी निकाल सकते हो निकाल कर के घंटे भर के भीतर मुझे भेजो!”
“जी हुकुम !”
समर का जैसा स्वभाव था, उसके लिए राजा की हर बात आदेश थी ! राजा से वह कभी किसी सवाल के बदले सवाल नहीं पूछा करता था ! राजा ने जो कह दिया वह समर के लिए पत्थर की लकीर हो जाया करती थी ! उसकी आज्ञा को मानना ही समर के जीवन का एकमात्र उद्देश्य था ! उसने तुरंत फोन पर राजा के मैसेज को देखा और अपने जासूसों के साथ खुद उस नंबर को पता करने में जुट गया….
इधर दूसरी तरफ अपने ऑफिस से कई हज़ार किलोमीटर दूर जंगल के बीचो बीच बहती खूबसूरत सी नदी के किनारे एक ऊँची सी नक्काशीदार चट्टान पर बैठा अनिरुद्ध सामने रखे पत्थर पर अपनी टांगे चढ़ाये बैठा जंगल के पंछियो का कलरव सुनने में व्यस्त था…
आज अभी जब उसने तीसरी बार बाँसुरी के नंबर पर फ़ोन लगाया तब कहीं जाकर उसे उसकी आवाज़ सुनने को मिली थी.. और तब कही जाकर उसके चेहरे पर हल्की सी मुस्कान आई थी….
सामने खड़ी थार में पीछे पड़े बैग से थर्मस निकाल कर दो कुल्हड़ में भर कर कॉफ़ी लिए दर्श उसके पास चला आया…
“ये क्या बेवकूफी है अनिर ! वो शादीशुदा है.. ! उसका पति कौन है तू जानता भी है..?” दर्श कि आवाज़ में झुंझलाहट साफ़ नज़र आ रही थी..
“अब उसका पति जो भी हो, क्या फर्क पड़ता है… मेरे इश्क़ की इंतिहा है कि मुझे उससे जुडी हर बात से मुहब्बत हो गयी है, यहाँ तक की उसके पति से भी.. !”
इधर उधर ना में गर्दन हिलाते हुए दर्श ने उसके हाथ में कॉफ़ी का गर्म प्याला पकड़ा दिया…
“यहाँ सर्दी कुछ ज्यादा ही है.. आज अगर काम पूरा हो गया तो कल हम वापस निकल जायेंगे.. !”
दर्श की बात सुन अनिरुद्ध ने हाँ में गर्दन हिला दी….
वो दोनों अपने किसी बिज़नेस प्रोपोज़ल के लिए यहाँ आये थे.. जब से उन लोगों ने पोर्ट छोड़ा था तबसे उनके काम करने का तरीका ज़रा बदल गया था.. पहले थोड़ी बहुत वसूली करने वाले अनिरुद्ध और दर्श अब सीधे तौर पर दूसरों की कंपनी में खुद को हिस्सेदार बनाने के लिए दूसरों को बाध्य करने लगे थे ! कुछ एक कंपनियों में हिस्सेदारी मिलने के बाद उन लोगों ने अपनी हिस्सेदारी को बेच बाच कर उन शेयर से मिले पैसों से अपने नाम से कुछ धंधे जमा लिए थे ! कहीं कुछ ज़मीने खरीदी बेचीं तो कहीं कुछ और…
इसी तरह अपने रुपयों को बढ़ा चढ़ा कर वो दोनों अब पहाड़ो पर होटल का व्यवसाय आज़माने पहुँच चुके थे….
दून के कई बड़े व्यापारियों से मिल कर उन लोगों ने पहले ही वहाँ अपने धंधे का जाल बिछाना शुरू कर दिया था…
वहाँ के सबसे प्रसिद्ध होटल को खरीदने के बाद अनिरुद्ध का प्रयास था की वो उस होटल को एक फाइव स्टार रिसोर्ट में बदल दे…..
लेकिन होटल के ठीक बाजु वाली बड़ी सी हवेली के मालिक से बहुत कोशिशों के बाद भी अनिरुद्ध की बात नहीं हो पायी थी…
उसका नंबर ही नहीं मिल पा रहा था, और बस इसलिए दर्श को साथ लिए वो उससे मिलने निकल पड़ा था…
वैसे तो अनिरुद्ध सामान्य ही दिखाई देता था पर क़भी अचानक ही बाँसुरी की याद उसे अंदर से व्याकुल कर जाती थी.. वो अपनी अकुलाहट किसी से कह भी नहीं पाता था और तब ऐसे में अपने पास रखी
उसकी एकमात्र तस्वीर को वो निगाह भर के देख लिया करता था..
उसे खुद अपने ऊपर आश्चर्य होता था की आख़िर ऐसी क्या बात हो गयी थी जो वो लड़की उसे इस तरह से बेचैन कर गयी थी…
जिसे एक पल के लिए देख लेना भी उसे पूरे दिन भर की ऊर्जा से भर के रख देता था…
आज उसकी याद इतनी शिद्द्त से आने लगी थी की वो एक बार उसकी आवाज़ सुनने को तड़प उठा था, इसलिए एक लोकल दुकान से एक लोकल सिम और फ़ोन खरीद कर उसने उसे फ़ोन लगा दिया था..
उसने सोचा था एक बार उसकी आवाज़ सुनने के बाद वो उस फ़ोन को कहीं फेंक देगा लेकिन लगातार दो बार के बाद भी जब बाँसुरी ने फ़ोन नहीं उठाया तब अपने दिल को मजबूत करके उसने तीसरी बार फिर बांसुरी का नंबर डायल कर दिया था.. लेकिन इस बार भगवान ने उसकी सुन ली और बांसुरी की आवाज बांसुरी की तरह ही उसके कानों में सरगम घोल गई ! कुछ देर तक उसकी आवाज में हेलो हेलो सुनते हुए उसने अपनी आंखें बंद कर ली थी कि तभी एक तेज सी धीर गंभीर आवाज़ उसके कानों में पड़ी..
ये किसी पुरुष की आवाज़ थी, ज़ाहिर सी बात थी की ये बाँसुरी का पति ही होगा.. यह बात ध्यान में आते वह अपनी स्वप्निली दुनिया से बाहर निकला और उसने तुरंत फोन काट दिया…
फोन काटने के साथ ही उसके सामने दर्श कॉफी का प्याला लिए खड़ा था कि उसके हाथ से प्याला लेकर वह पीने लगा..!
वही नदी किनारे कुछ बच्चे मछली पकड़ रहे थे.. उनमें से एक बच्चा बीच-बीच में मुड़कर अनिरुद्ध को देख लिया करता था अनिरुद्ध ने प्यार से उस बच्चे को अपने पास बुला लिया…
“ये चाहिए.. ?”
मोबाइल को दिखाकर अनिरुद्ध ने उस बच्चे से पूछा उस बच्चे ने खुशी से हां में गर्दन ऊपर नीचे हिला दी! अनिरुद्ध ने प्यार से उसके गाल को थपथपा कर उसके हाथ में मोबाइल दिया और कॉफी का कुल्हड़ वही फेंक कर दर्श के कंधे पर हाथ रखे अपनी थार की तरफ बढ़ गया….
क्रमशः
aparna…
