अपराजिता -75

अपराजिता -75

यज्ञ भी तैयार हो गया और सबके बुलाने पर यज्ञ के साथ ही  कुसुम भी रिसेप्शन के लिए निकल गई। यज्ञ की हवेली और हवेली के सामने का बगीचा ही इतना बड़ा और पर्याप्त था कि वहां बड़े आराम से हजार से अधिक  लोगों की पार्टी भी की जा सकती थी….

कुसुम को यह सारा तामझाम पसंद तो नहीं आ रहा था लेकिन इस वक्त वह किसी भी बात के विद्रोह करने के बिल्कुल मूड में नहीं थी, और इसीलिए शांति से चुपचाप सब कुछ झेल ले रही थी।
उसे खुद अपने व्यवहार पर आश्चर्य भी हो रहा था। लेकिन वह कर भी क्या सकती थी।
गांव की सारी जनता आज बड़े ठाकुर की हवेली पर उमङ पड़ी थी।

सब अपने छोटे ठाकुर की छोटी ठकुराइन के दर्शन करना चाहते थे। कुसुम को इस बात पर बड़ी हैरत हो रही थी कि ये घर जहां पर देखा जाए तो उसके खुद के परिवार के लोग थे, वहां उसकी सास ने उसके चेहरे को आधा छुपा रखा था घुंघट से।
    वही आज इस रिसेप्शन के समय उसके घूंघट को माथे तक सीमित कर दिया था, जिससे गांव की जनता अपनी प्यारी नयी ठकुराइन को देख सके। बड़े अजीब कायदे और बड़े अजीब रिवाज थे।

कुसुम कुमारी बहुत दिनों तक इन कायदों में बंध कर रहने वाली तो थी नहीं, इसलिए शायद उसने आज अपने ससुराल वालों पर तरस खाते हुए उनके इस इंतजाम को मान लिया था, और बगीचे के एक तरफ बने स्टेज पर रख सोफे पर चुपचाप बैठी थी।

जब कोई बड़ा बुजुर्ग आता, वह खड़ी हो जाती। और अपनी सास की तरफ देखने लगती।
    सास उसे पैर छूने का इशारा करती, तभी वह छूती वरना वह सीधी खड़ी रहती। लेकिन कुछ ही देर की इस उठापटक में कुसुम की कमर दर्द करने लग गई थी। ससुराल वाले रिश्ते नाते थे कि खत्म होने का नाम नहीं ले रहे थे। एक के बाद एक कभी बुआ सास, कभी काकी सास, कभी मौसी सास तो कभी नानी सास ऊपर आती जा रही थी।और इसी तरह के नमूने देवर नंदे बार-बार आकर उसके साथ तरह-तरह के मुंह बनाकर सेल्फी खींच रहे थे।
     इन सब में कुसुम को कुछ अच्छा नहीं लग रहा था। रात घिरने लगी थी और कुसुम एक बार फिर भूख से कुलबुलाने लगी थी।

उसकी समझ से बाहर था कि ससुराल पहुंचते ही ऐसा कौन सा जादू हो गया था जो हर दो घंटे में उसकी भूख जाग जाती थी। कहां तो गुस्से में उसने सोचा था खाना-पीना छोड़ दूंगी, और कहां ससुराल में कदम रखते ही हर दो घंटे में खाने और चाय की तरफ उसका ध्यान चला जाता था।
आज भी तरह-तरह की खाने पीने की खुशबू से उसकी भूख जाग गई, उसने एक नजर दूर खाने के स्टॉल पर फेरी और जैसे ही वापस घूमी यज्ञ उसे घूरता हुआ नजर आ गया।

” हमारी तरफ क्या घूर-घूर कर देख रहे हैं?” कुसुम ने उससे सवाल कर दिया।

” कुछ नहीं, बस यह देख रहे हैं कि आपके मायके वालों ने आपको लगता है कुछ खिलाया पिलाया नहीं। क्योंकि वहां से तो बड़ी दुबली पतली सी आई थी आप। आपको देखकर लगा नहीं था कि आप हर एक घंटे में भूखी हो जाएंगी। “

“आपसे किसने कहा हमें भूख लग रही है ?”

“आपकी आंखों ने। आप जिस तरह से खाने पीने की चीजों को देखते हुए लाल टपका रही है ना, इससे बेहतर है कि आप खाना मंगवा कर खा लीजिए। वरना अगर आपने नहीं खाया और आप ऐसे ही आंखों से खाने को जूठा करती रही तो जितने लोग खा रहे हैं ना, सबके पेट में दर्द हो जाएगा।”

” बकवास करने में आपने पीएचडी की है क्या?'”

” अब तक तो नहीं की, लेकिन अगर आपको लगता है कि हम इसमें पीएचडी कर सकते हैं तो, हम कर लेंगे। वैसे भी यूनिवर्सिटी भी हमारे बाप की है।”

“अच्छा! वह भी खरीद रखी है ससुर जी ने..?”

“अरे वाह, बड़ी जल्दी हमारे बाबूजी को आपने अपना ससुर मान लिया।
आप इसी स्पीड से चलती रहीं तो कल ही आप हमें अपना…”

” हम आपको कुछ नहीं मानने वाले, और आपकी कोई वैल्यू भी नहीं है हमारी नजर में। याद रखिएगा। “

“हम बेशक याद रखेंगे, लेकिन आप अपनी इस बात को जरूर याद रखिएगा, क्योंकि हमें लगने लगा है हमारे चार्म मे आप डूबने लगी हैं।”

” फिर से बकवास, !”

“हम सोच रहे हैं, कर ही लेते हैं पीएचडी..। ए सिम्मी
इधर आओ, अपनी भाभी के लिए कुछ खाने वाने को ले आओ यार।”

यज्ञ की पुकार पर वहीँ खड़ी सिम्मी वहाँ चली आयी..

“वाह भैया जी,  देखा भाभी कितनी किस्मत वाली है आप,? हमारे भैया को आपके सिवा कुछ सूझता ही नहीं..!”

सिम्मी के इस महा बकवास जुमले पर कुसुम ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, और चुपचाप अपने लहंगे को ठीक करती नीचे देखने लगी..

   ” अभी तुम खड़ी खड़ी यहाँ दांत दिखाती रहोगी, या कुछ लेकर भी आओगी! तुम्हारी भाभी के पेट में चूहे दौड़ रहे हैं!”

” वाह भैया जी, आपको कैसे पता भाभी यहां आने से पहले तो खा कर आई थी?”

” अरे तुमको कह रहे है ना, जाकर ले आओ अब तुम..या अब भी शोध करोगी कि कितनी देर पहले तुम्हारी भाभी ने खाया है ? कितनी देर में खाएंगी? जब कह रहे हैं तो कह रहे।”

“हां ठीक है ना, जा रहे हैं। इतना नाराज काहे हो रहे हैं? हम तो बस सोचे पता नहीं भाभी खाएंगी की नहीं खाएंगी?
   आज क्या कहते है, मंचूरियन बना हैं शहर से आए महाराज बहुत ही अच्छा खाना बनाया है।
पनीर चिल्ली है ,चाऊमीन है जो बोलेंगे वह लेआ देंगे.. ।”

“हां हां, यही सब ले आओ। वैसे भी जरा अंग्रेज तबीयत की है तुम्हारी भाभी। अंग्रेजी खाना पसंद आएगा।”

” नहीं सिम्मी रुको, अभी कुछ मत लाओ। हम यहां स्टेज पर बैठकर नहीं खा पाएंगे।”

“काहे?”

यज्ञ ने कुसुम की तरफ देखकर पूछा और कुसुम तमक कर उसे देखने लगी।

” सर पर अलग अलग प्रकार के सास ससुर बैठे हैं। सारे लोग सामने की पंक्ति में सजे बैठे हैं, और हमें घूर-घूर कर देख रहे हैं। उन लोगों के सामने हम यहां बैठकर बेशरम होकर खाने लगे? अच्छा लगेगा क्या? नयी बहू हैं हम। हमारी भी कोई कर्टसी है कि नहीं?”

“” है …ओ हो नयी बहू। सिम्मी ऐसा करो अपनी भाभी को स्टेज से उतार कर स्टेज के पीछे तरफ ले जाओ। एक कुर्सी पर बैठा देना , और सब ले आना समझी? अब ठीक है मैडम जी?”

यज्ञ के सवाल पर कुसुम ने उसे देखा और ना में गर्दन हिला दी।

“हम नहीं खाएंगे। अच्छा नहीं लगेगा हमें ऐसे खाना।
  वैसे भी हम पीछे खाते रहे और कोई पहुंच गया तो फिर।”

” तो मरो चुपचाप..।
सिम्मी छोड़ो यार अपनी भाभी को, जाओ हमारे लिए जूस वूस कुछ ले आओ। हमारा गला बहुत सूख रहा है। जब से बकवास किए जा रहे हैं..।”

सिम्मी उन दोनों की बातों को सुनती पारी पारी से दोनों को देखकर कंफ्यूज हो जा रही थी।
    यज्ञ की आखिरी बात पर हामी भरकर वो जल्दी से नीचे उतरकर जूस लेने चले गई।
लेकिन इस बार उसने थोड़ी सी अकल लगाई और जूस में दो स्ट्रॉ डालकर ले आई..

“लीजिए भैया जी! हम जूस ले आए हैं। और दो दो स्ट्रॉ डालें हैं, जिससे आप दोनों पी सके। देखा कितने तेज दिमाग वाले हैं हम।
     अब हो गया, शाबाशी देने की जरूरत नहीं है।”

” अरे ओ शाबाशी की बच्ची। दो स्ट्रा से अच्छा दो ग्लास ले आती। अब जब तुम्हारी भाभी सामने बैठे सास ससुर के कारण यहां बैठकर खा नहीं पा रही, तो हमारे साथ एक ही गिलास में दूसरी स्ट्रा डालकर पियेगी? पगला गई हो क्या? और वैसे भी तुम्हारी भाभी को जूस वूस नहीं पसंद है।
सॉलिड खाना ही खाना चाहती है मैडम.. ।”

यज्ञ ने एक स्ट्रा उठाई और हटाने को था, कुसुम को लगा कि वह स्ट्रा कुसुम को पकड़ा रहा है ।
   कुसुम ना बोलती उसके पहले यज्ञ ने उस स्ट्रा को फेंक दिया, और कुसुम देखती रह गई। और यज्ञ ने जूस के गिलास को अपने मुंह से लगाया और गटागट पी गया। उसे घूर कर कुसुम वापस अपने लहंगे को ठीक करती  सामने बैठे मेहमानों की तरफ देखने लगी…

मेहमानों की आवाजाही बंद नहीं हो रही थी। ऐसा लग रहा था सारा गांव आज छोटे ठाकुर की शादी का जश्न मना रहा है।
समय बीतता जा रहा था, और भीड़ थी कि खत्म होने का नाम नहीं ले रही थी। यज्ञ ने दूर आंचल में दबी छुपी बैठी अपनी मां को इशारे से बुलाया और उसकी मां अपनी साड़ी का पल्लू संभालती यज्ञ के पास चली आई।

” का हो गया बाबू ? हमें काहे बुला रहे हो?”

” अम्मा कुछ खाने वाले को दोगी कि नहीं।
बस गांव को ही खिलाना पिलाना है, हमें नहीं खिलाओगी? बहुत भूख लग रही अम्मा, साढे दस बज गए। अब भी खाने को नहीं मिलेगा? कब खाएंगे फिर? गैस हो जाएगी हमको समझा करो।
    फिर कल सुबह से उठकर हमको शहर भी जाना है। काम है हमारा बहुत सारा।”

” ठीक है, इतना नाराज ना हो। चलो खा लो। यही भेज देते हैं ।”

  ” नहीं स्टेज पर बैठकर नही खा पाएंगे हम। सारे लोग सामने बैठे हुए हैं। उनके सामने कैसे खायेंगे? फूफा जी बैठे वहां से घूर रहे हैं हमको। फिर उनकी नजर हमारी प्लेट पर रहेगी, खुद तो बेचारे एसिडिटी के मारे मिर्ची का पकोड़ा नहीं खा पाते, हमारी प्लेट में दो मिर्ची पकोड़ा देखकर नजर लगा देंगे हमको!”

” तो क्या करें पार्टी बंद करवा दें?”

” पार्टी ना बंद करवाओ..! यह थोड़ी कह रहे हैं!
हमारा बस यही कहना है कि,  हमको और तुम्हारी बहुरिया को कहीं एक किनारे टेबल पर बैठा दो, हम लोग भी अपना खा पी लेते हैं..!

“अब इतने लोगों के सामने तुम अपनी बहुरिया को साथ लेकर बैठ कर खाओगे, अच्छा लगेगा क्या? सब बोलेंगे  की बड़ा बेशर्म जोड़ा है..!”

” अरे अम्मा हमें थोड़ी बोलेंगे? हम और तुम्हारी बहु अकेले खा लेंगे! अखंड भैया, सिम्मी, भाभी हम लोगो  साथ में खा लेंगे..!”

” तुम तो इतने बेशर्म हो? तुम कब से इतना सोचने लगे? फूफा जी तुमको देख रहे हैं, काका जी तुमको देख रहे हैं!”

” अब सोचना पड़ता है, क्योंकि इतनी बड़ी सोचने की जिम्मेदारी तुम ही हमारे कंधों पर लाद दी हो, ब्याह करवा के..
समझी! तो अब भुगतो ! सोचना पड़ेगा ही हमको..!”

“ठीक है, रुको फिर! कुछ प्रबंध करते हैं!”

यज्ञ की अम्मा अपने माथे का पल्लू संभालती धीरे से नीचे उतरी और आंखों के इशारे से उसने बड़े ठाकुर को अपने पास बुला लिया बड़े ठाकुर साहब अपने नंदोई और अपने रिश्ते के भाई बंधुओं के साथ एक तरफ कुर्सियों पर जमे हुए थे। सबके हाथों में एक-एक गिलास था। और सभी के आसपास स्टार्टर की प्लेट्स लगी हुई थी। अपने आप को संभालने के बावजूद हल्के से लड़खड़ाते हुए बड़े ठाकुर अपनी ठकुराइन के पास पहुंच गए।

नशे का सुरूर हल्का-हल्का उनकी आंखों में नजर आने लगा था। एक तो माहौल शादी का, उस पर शहर से आई महंगी शराब आंखों पर गुलाबी डोरे बन तैरने लगी थी। उन्होंने बड़े प्यार से अपनी ठकुराइन से सवाल कर दिया

“क्या हुआ शचि रूपा, हमें यहां बुलाने का कारण?”

” देखिए जी आप लोगों का तो खाना पीना तब से चल रहा है, लेकिन हमारा लड़का वहाँ स्टेज पर बैठे-बैठे भूखा गया एकदम।
अगर अभी उसे कुछ खाने नहीं मिला ना तो फिर जानते हैं ना गैस से उसका सिर भारी हो जाता है।”

” हां तो खिला दो, किसने मना किया है?”

” अरे वहां स्टेज पर बैठकर खाने को मना कर रहा है। कह रहा सब लोग आंखें गङाये उसी की तरफ देख रहे हैं। ऐसे में प्लेट लेकर कैसे खाएगा?”

” अच्छा! यह बात है, ऐसा कीजिए बेटा बहु दोनों को उस तरफ जहां महिलाएं बैठी हैं, उधर ले जाइए। खाना-वाना खिला दीजिए। छुट्टी कीजिए।
  फिर दोनों को भेजिए कमरा मे। ग्यारह वैसे ही हो गया, बहुत लेट हो गया।”

“यही तो हम आपसे कहना चाह रहे थे ।बहुत देर हो गई है। यह गांव के लोग तो आते ही रहेंगे।
अब कब तक बहू ऐसी आंचल सर पर कर के बैठी रहेगी। खा पीकर घर चले जाए, थोड़ा कमर भी सीधी करें।”

“हां हम भी कहां मना कर रहे हैं? ले जाइए ठाकुराइन।
और सुनिए, आप भी कुछ खा लीजिएगा।”

   वापस लौटती शशिरूपा ने पलट कर अपने पति को देखा, मीठी सी मुस्कान की चितवन देकर वह वापस स्टेज पर चली आई।
आखिर यज्ञ का उपाय काम कर गया। उन दोनों को साथ लेकर यज्ञ की मां स्टेज से नीचे उतरने लगी।
यज्ञ ने तो कुसुम की तरफ नहीं देखा, लेकिन कुसुम ने एक बार जरूर अपने नए नवेले पति पर आंखें मार ली। उन दोनों को साथ लिए यज्ञ की मां महिला प्रकोष्ठ की तरफ बढ़ गई।

दो बड़ी-बड़ी टेबल को जोड़कर एक लंबी टेबल बना दी गई। चारों तरफ कुर्सियां सजा कर दूल्हा दुल्हन को बैठा दिया गया, और उन सब को घेर कर बैठने औरतें जा ही रही थी कि यज्ञ ने अपनी मां को इशारा कर दिया। उसकी मां ने वापस उन सब औरतों को अपनी तरफ बुलाया और सिम्मी और उसकी भाभी को यज्ञ की तरफ भेज दिया। यज्ञ अखंड को भी अपने पास बुलाना चाहता था। लेकिन अखंड ने दूर से ही मना कर दिया।

‘ अरे भैया, आ जाओ। हमारे साथ भी खा पी लो।”

” हम खा चुके हैं, तुम खाओ।”

” यह हमारे अलग ही बैरागी भैया हैं। इन्हें दीन दुनिया से कोई लेना-देना ही नहीं।”

यज्ञ ने धीरे से अपने भाई के बारे में कह दिया। यज्ञ के बगल में बैठी कुसुम भी अखंड को ही देख रही थी।

” ऐसे क्यों है, अखंड भैया?”

जाने अनजाने कुसुम के मुंह से यह सवाल निकल गया और यज्ञ आश्चर्य से कुसुम की तरफ देखने लगा।

” नहीं नहीं, हमें ऐसा कोई जानने का मन नहीं है। वह तो बस ऐसे ही पूछ लिया था। आप न बताने चाहे तो ना बताएं ।”

“आप बार-बार हमसे बात करने का बहाना ढूंढती रहती है क्या? या हमें ऐसा लगता है।”

” गलतफहमी है आपको। आपसे बात करने का कोई शौक नहीं है हमें।”

” हमें पता है, आपको सिर्फ नाखून कुतरने का और दांत गङाने का शौक है। अपने आपको शेर कहती है ना, लेकिन बिल्ली से ज्यादा औकात नहीं है आपकी।”

” हमें बिल्ली कह रहे हैं और अगर हम आपको कुत्ता कह देंगे तो खून जल जाएगा आपका।”

” एक शेर को अगर कुत्ता कहोगी, तो तुम्हारी जबान गल कर नीचे गिर जाएगी, समझी ?”

यज्ञ ने भी कुसुम की कड़वी बात का उतना ही कड़वा जवाब दिया और अपने सामने परोसी थाली से मजे लेकर खाने लगा।

” अरे अरे देवर जी, पहले अपनी बहू का मुंह तो जूठा करवा दीजिए।”।

“खुद खा लेगी।
कोई शौक नहीं है भाभी हमें किसी का भी जूठा खाने का। हमारी थाली से अगर किसी ने भी खा लिया तो फिर हम वह थाली नहीं खाते।”

यज्ञ की बात पर उसकी भाभी बोल पड़ी..

“लेकिन हम अच्छे से जानते हैं, यह अकड़ बस कुछ दिनों की है। उसके बाद तो दोनों का खाना एक ही थाली में होगा।”

सिम्मी की भाभी अपने देवर देवरानी को छेड़ने का कोई मौका नहीं चूक रही थी। लेकिन यज्ञ और कुसुम इन बातों से बेखबर अपनी अपनी थाली पर टूट पड़े थे..

ले देकर वह रिसेप्शन समाप्त हुआ। मेहमान अभी आ रहे थे। लेकिन खाना खाने के बाद यज्ञ और कुसुम को साथ लिए सिम्मी, उसकी भाभी, यज्ञ की मां उसकी चाची और दो-चार और महिलाएं घर की तरफ घर भीतर दाखिल हो गए..।

कुसुम को सिम्मी उसके कमरे में ले गयी..

“अच्छे से बढ़िया आराम कर लेना भाभी !” सिम्मी ने यह कहकर कुसुम को देख अपनी एक आंख दबा दी और कुसुम को लगा, सिम्मी का सर पकड़ कर दीवार पर पटक दे। लेकिन वह खुद पर काबू कर मुस्कुराते हुए अंदर चली गई…

कुसुम ने फटाफट दरवाजा बंद किया और अपने कपड़े बदलने लगी। उसके कपड़े बदलते साथ ही दरवाजे पर दस्तक होने लगी। वह समझ गई कि यज्ञ चला आया है। उसने दरवाजा खोल दिया। यज्ञ भीतर चला आया।
   अंदर आते ही यज्ञ मजे से अपने पलंग पर पसर गया कुसुम उसे देखती खड़ी रही..

“क्या देख रही हो, हमारा पलंग है, और इसी में हम सोते हैं और सोयेंगे भी !”

यज्ञ के इतना कहने पर भी कुसुम खड़े होकर उसे घूरती रही। कुसुम को लगा यज्ञ उसके औरत होने का सम्मान करते हुए पलंग उसके लिए खाली कर देगा। और खुद किनारे पड़े सोफे पर सो जाएगा, लेकिन यज्ञ तो यज्ञ था।

“क्या हो गया तुम्हें नहीं सोना है ना यहां, तो तुम अपना और ठिकाना ढूंढ़ लो..।
हमसे उम्मीद ना करना कि हम पलंग खाली कर के  दूसरी जग़ह चले जायेंगे… !”.

“हद बद्तमीज़ है!”
    खुद में बड़बड़ाती कुसुम जानबूझकर कमरे के बाहर कि तरफ जाने लगी,लेकिन फिर ठिठक कर खड़ी हो गयी..

” सोच लीजिये, हम बाहर चले जायेंगे.. !”

” जाओ तुम्हे रोका किसने है.. ?

“अरे, बड़े अजीब है आप, और बाहर किसी ने हमसे पूछ लिया कि बाहर हम क्या कर रहे.. तब ?”

“तब सच कह देना कि तुम किसी और से प्यार करती थी। ज़बरदस्ती तुम्हारी शादी हमसे कर दी गयी। वगैरह वगैरह …
हमने कोई ठेका ले रखा है तुम्हारा, जो हम तुम्हारे बदले सब से झूठ बोलते फिरें ..?”

कुसुम कि आंखे चौड़ी हो गयी..

” आपको बुरा नहीं लगेगा? लोग क्या सोचेंगे, ये तो सोचिये ?”

” लोग क्या सोचेंगे, यह भी हम सोचने लगे तो फिर लोगों के पास काम क्या बचेगा..?”

“अजीब पागल से पाला पड़ा है हमारा..!” कुसुम खौल उठी

“अरे तुम्हें कब से लोगों की इतनी परवाह हो गई ?
   प्यार करने वाले लोगो की परवाह कब से करने लगे..? और अगर इतनी ही लोगो की परवाह है, मतलब तुमने कभी प्यार किया ही नहीं..!
वो डॉक्टर सिर्फ तुम्हारी ज़िद था, जो पूरी नहीं हो पायी….
सोच कर देखना.. कुसुम कुमारी जी.. !”

“खुद को ज्यादा ही दिमाग वाला सोच लिया है तुमने .. खुद प्यार किया नहीं फिर कैसे बोल रहे हो ये सब ..!”

“हमने अपने जीवन में आज तक कभी किसी के लिए व्रत नहीं किया, लेकिन अपनी अम्मा को बाबूजी के लिए ढेर सारे व्रत निर्जला करते देखे, और महसूस कर पाते हैं उनके मन की श्रद्धा को। कोई भी काम करने के लिए यह जरूरी नहीं कि आपने उस काम को ही करके अनुभव प्राप्त किया हो। दुनिया में ऐसे बहुत से काम होते हैं जो हम नहीं कर पाए, लेकिन क्या हम उनके बारे में नहीं जानते…।
ताजमहल सच में नहीं देखा हमने, लेकिन जानते हैं कि वो खूबसूरत है.. !
आइफ़िल टॉवर भी नहीं देखा, पर मालूम है ऊँचा है..! और प्यार.. अपने माता पिता से भी तो करते हैं हम….!”

“हम्म इसका मतलब कोई लड़की नहीं आयी अब तक.. !”

“वैसे इससे आपको कोई मतलब नहीं होना चाहिए.. हम आपको इस सवाल का जवाब देने लायक नहीं समझते !”

यज्ञ ने मुंह फेरा और कुसुम की तरफ पीठ फेर कर पुरे बिस्तर पर फ़ैल कर सो गया..

क्रमशः

aparna…

5 2 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest

1 Comment
Newest
Oldest Most Voted
Nisha
Nisha
2 years ago

Yajyn hame bahut hi achha laga