The Bestseller -10

“लकी चार्म”
नंदिनी के मन में अब भी यही चल रहा था कि आखिर ऋषिकेश की मौत हुई कैसे और किसने उसे मारा?
शेखर से ज्यादा कुछ पुछताछ कर पाना उसके लिए नामुमकिन था। एक तो शेखर पुलिस वाला था और दूसरा उसका बॉयफ्रेंड था, अब ऐसे में बहुत बार जब शेखर को नंदनी के सवालों के जवाब नहीं देने होते तब वह बिना मतलब का रोमांटिक होने लगता था। और यह बात नंदिनी अच्छे से समझती थी कि वह सिर्फ और सिर्फ उसे टाल रहा है लेकिन वह भी उस वक्त ज्यादा कुछ नहीं कर पाती थी।
नंदिनी पत्रकार थी तो जाहिर है उसके अपने भी कुछ सोर्सेस थे। ऋषिकेश की डेड बॉडी को मेडिकल कॉलेज भेजा गया था मेडिकल कॉलेज के हॉस्पिटल में ही उसका पोस्टमार्टम होना था।
4 महीने पहले ब्लड बैंक की मनमानी का कच्चा चिट्ठा जब नंदिनी ने अखबार में लिखा था उस वक्त उस मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक के एक लड़के से ठीक-ठाक उसकी जान पहचान हो गई थी। उस वक्त उसी लड़के ने नंदिनी की मदद की थी।
लड़का ब्लड बैंक में लैब टेक्नीशियन का काम किया करता था और उसके ही भाई के एक्सीडेंट के वक्त जब उसे एबी नेगेटिव ब्लड की बहुत जरूरत थी तब यही के ब्लड बैंक में खून होते हुए भी उसे खून नहीं मौजूद है यह कहकर बाहर से मंगवाने के नाम पर हजारों रुपये लूट लिए थे। और बस तभी से वो लड़का उस लैब से जला भुना बैठा था । उसके मन में पनपती बदले की भावना नंदिनी के माध्यम से फलीभूत हुई थी। और बस तभी से नंदिनी उसे कभी कभार फोन कर लिया करती थी। यह नंदिनी के प्रोफेशन की जरूरत थी , उसे हर किसी से बना कर रखना पड़ता था लेकिन इस लड़के के मन में कुछ हल्की सी अलग सी ही नाजुक भावनाएं पैदा हो गई थी… पर जो भी था फायदा नंदिनी का ही था।
नंदिनी ने उसी लड़के को एक बार फिर फोन लगाया था और उसने भी …”मुझसे जितना बन पड़ेगा उतनी आपकी मदद करूंगा!” वाले तर्ज पर दो दिन बाद ही नंदिनी को कॉफी शॉप में बुलवा लिया था।
नंदिनी कॉफी शॉप पर बैठी उसका रास्ता देख रही थी। वह जानती थी लड़के भी अपनी ही तरह के निराले होते हैं! उनके भी कुछ अलग से ही नखरे होते हैं… जब उन्हें गर्लफ्रेंड के साथ डेट पर जाना होता है तो भले ही गर्लफ्रेंड के 5 मिनट पहले पहुंच जाएंगे पर दिखाएंगे ऐसे जैसे घंटों से इंतजार कर रहे थे।
और वहीं अगर लड़की गर्लफ्रेंड नहीं सिर्फ फ्रेंड हो और लड़की का ही कोई काम हो तब उस वक्त यह लड़के प्रधानमंत्री से भी ज्यादा व्यस्त हो जाते हैं। और जाने कहां कहां से घूम घाम कर जब लड़की बोर होकर लौटने के कगार पर हो तब मिलने पहुंचते हैं।
सुरेश ने भी नंदनी को लगभग घंटे भर इंतजार करवाया । नंदिनी अपने फोन पर अपनी सहेलियों के ऊटपटांग टिक टॉक वीडियो देख देख कर बोर होती रही।
उसकी तीसरी कॉफी खत्म होने को थी कि सुरेश भागता हांफता सा वहां पहुंच गया…
” बड़ी जल्दी आ गए सुरेश!!
” सॉरी नंदिनी जी! वो क्या है ना कि इस वक्त समय निकालना बहुत मुश्किल होता है, हम तो लंच ब्रेक का बहाना करके भागे हैं वहां से।”
नंदिनी को लड़कों का हम- तुम ऐसे बात करना सख्त नापसंद था, मरती क्या न करती की तर्ज़ पर उसने बहुत बुरी तरीके से सामने बैठे सुरेश को झेल लिया…
” सो कुछ पता चला कि आखिर ऋषिकेश राय सागर की मौत हुई कैसे?
” हां पता चला कुछ अजीब सा पेचीदा मामला है यह?
” मतलब? पोस्टमार्टम में क्या आया?
” पोस्टमार्टम में तो बस कॉज़ ऑफ डेथ पता चलता है और जाहिर है वह हार्ट फेलियर ही दिखा रहा है।”
” हार्ट फैलियर ही दिखा रहा है मतलब हार्ट फेल हुआ होगा इसीलिए तो यह दिखा रहा है ना।”
” उनका हार्ट फेल हुआ है इसीलिए यह दिखा रहा है! हमारा कहने का मतलब था कॉज़ ऑफ डेथ 3 रीज़न से होती है…. या तो ब्रेन का डैड होना या हार्ट का और या फिर लंग्स का। ऋषिकेश राय सागर के मामले में उसका हार्ट फेल हुआ है। लेकिन नेचुरल तरीकों से हार्ट फैलियर नहीं दिखा रहा इसलिए फॉरेंसिक की टीम को बुलाया गया है।”
” यह कैसे पता चलता है कि नेचुरल तरीके से डेथ हुई या…?
” इतना सब तो हमें नहीं पता, लेकिन हमने जितना जानने की कोशिश की बस हमे यह समझ में आया है, कि फॉरेंसिक की टीम आई है। और अभी ऋषिकेश रायसागर की सारी विसरा की भी जांच होगी । यानी सारे ओर्गेंस की इंटरनल जांच होगी। फॉरेंसिक वालों को डाउट हो रहा है कि रायसागर को कोई ड्रिंक पिलाया गया था जिसमें कुछ ऐसा इफेक्ट था कि उसकी हार्ट की रेट बढ़ गई थी। बाकी सच्चाई तो सारे टेस्ट रिपोर्ट आने के बाद ही क्लियर होंगी। एक और बात, उनकी नेक पर एक छोटा सा गोल निशान दिखा है। उसे भी एक फोरेंसिक डॉक्टर ने ही नोटिस किया है। अब उसकी भी जांच हो रही कि वो निशान कैसे बना है।”
“कैसा है वो निशान? मतलब किस चीज़ का?क्या फ़ोटो मिल सकता है?”
“अरे मैडम आप इतना कठिन काम बोल रहीं हैं।”
आंखों में गजब का भोलापन लाकर नंदिनी ने सुरेश को देखा और वो वहीं ढेर हो गया…
“ठीक है हम कोशिश करेंगे। आज शाम या रात तक एक बार फिर मोर्ग का चक्कर लगाते हैं हम।”
नंदिनी मुस्कुरा उठी…
” मर्डरर कौन हो सकता है तुम्हारी नजर में?
नंदिनी के सवाल पर सुरेश एकदम से चौन्क गया। “हमें क्या पता ? हम नहीं जानते? हमें यह सब…”
” अरे ओके बाबा !! इतना घबराने की क्या बात है? मैंने तो बस ऐसे ही कह दिया। “
नंदिनी अभी सुरेश से बात कर ही रही थी कि उसे कॉफी शॉप पर शेखर दरवाजे से अंदर आता हुआ नजर आया…
“, अरे यह शेखर यहां क्या कर रहा है?
” कौन शेखर नंदिनी जी?
” मेरा दोस्त है। नंदिनी ने एक तीखी सी नजर सुरेश पर डाली और जवाब दे दिया…-” अच्छा हमारी तरह के दोस्त!”
” नहीं तुम से कहीं ज्यादा करीबी है यह। ठीक है सुरेश फिर तुम निकलो और सुनो कोई भी हिंट मिलती है ना तो तुरंत कॉल करना और यह विसरा और यह जो भी सारा रिपोर्ट है यह कब तक में आने की उम्मीद है।।”
” इस बारे में तो हम कुछ नहीं जानते लेकिन जैसे ही कुछ पता चलेगा आपको फोन कर देंगे।”
” बहुत-बहुत शुक्रिया चलो अब तुम निकलो।”
सुरेश ने एक नजर पलटकर शेखर को देखा और वहां से उठ कर चला गया ….शेखर तब तक धीमे कदमों से भीतर चला आया था। उसने हॉल पर एक सरसरी नजर डाली कि उसे एक किनारे नंदिनी बैठी नजर आ गई वह उसी की तरफ बढ़ गया…
” अरे नंदू तुम यहां कैसे?
” बस ऐसे ही लेकिन तुम कैसे?
” मैं भी बस ऐसे ही।
“सच-सच बताओगी कि क्या हुआ? क्यों बेवक्त की कॉफी पी जा रही है?”
” असल में आज रैना का बर्थडे था… और उसने इसी कॉफी शॉप पर ट्रीट देने का वादा किया था। अब मैं तो पहुंच गई लेकिन रैना नहीं पहुंच पाई। ऐन मौके पर जब ऑफिस से निकल रही थी…. तब उसका बॉयफ्रेंड आ गया उसे लेकर अपनी पार्टी करने चला गया।”
” इसलिए मेरा नंदू यहां पर अकेला कॉफी पीने चला आया। “
नंदिनी ने धीमे से हां में सर हिला दिया…
” अब इंस्पेक्टर साहब आप भी अपनी असली वाली कहानी सुना दीजिए।
” मैं रेशमी से मिलने आया हूं वह ऋषिकेश रायसागर की बड़ी बहू है, और कल पुलिस थाने में जो पूछताछ हुई उसमें शायद वह अपने पति और सास के सामने उतनी कंफर्टेबल नहीं थी। इसलिए जाते-जाते उसने मुझे पर्ची दी थी और आज यहाँ मिलना चाहती थी। तो बस मैं उसी से मिलने आया हूं और उसका वेट कर रहा हूँ।”
” ओके!! मैं ऐसा करती हूं, कि मैं दूसरी टेबल पर बैठ जाती हूं। क्योंकि हो सकता है वह मेरे सामने भी तुमसे बात करने में कंफर्टेबल ना हो। “
” हां ऐसा हो सकता है । थैंक्स नंदू। यू आर वेरी समझदार!”
नंदिनी उस टेबल से लगी हुई दूसरी टेबल पर जा बैठी… वह ऐसी जगह बैठी जहां से रेशमी उसे देख भले ही ना पाए लेकिन नंदिनी रेशमी की सारी बातें आराम से सुन सके।
कुछ देर बाद ही रेशमी भी वहाँ चली आई….
शेखर को देखकर उसने धीरे से सिर झुका कर उसका अभिवादन किया और आकर शेखर के सामने बैठ गयी…-” रेशमी जी कहिए आप मुझसे क्या कहना चाहती थीं।
” सर कल पुलिस स्टेशन में जिस ढंग से मम्मी जी, मेरे हस्बैंड, मेरे देवर, काका जी और बाकी लोग कामिनी के लिए बुरा भला कह रहे थे…मुझे बहुत बुरा लग रहा था। लेकिन मैं अपनी फैमिली के अगेंस्ट भी नहीं जा सकती मुझमें इतनी हिम्मत नहीं है कि मैं इतनी बड़ी फैमिली के खिलाफ अकेली खड़ी हो जाऊं।”
” जी मैं समझ सकता हूं.. और इसीलिए आपके एक बार कहने पर मैं यहां चला आया।”
” थैंक यू सर!!! मैं बस आपको यह बताना चाहती हूं, कि कल मम्मी जी कामिनी पर जो भी इल्जाम लगा रही थी वह सब बेबुनियाद है। “
मैं कामिनी के साथ कॉलेज में पढ़ी हूं सर। वह बहुत होशियार तो नही थी पढ़ने में पर बुरी भी नही थी। मैं और वह हम दोनों ही साइंस के स्टूडेंट्स थे मैं यह नहीं कहूंगी कि वह बहुत ब्रिलियंट थी लेकिन शुरू से ही उसका लिखने में बहुत इंटरेस्ट था। हमारे कॉलेज से सालाना एक किताब निकला करती थी, जिसमें हर बार उसका कोई ना कोई कॉलम जरूर होता था।
उसके बाद फिर उसने हमारे शहर के लोकल अखबारों में भी कॉलम लिखना शुरू किया था। हालांकि कभी अखबार वाले उसकी छोटी मोटी कहानियां छाप दिया करते थे… और कभी कूड़ेदान में फेक भी दिया करते थे। लेकिन वह हिम्मत नहीं हारती थी। और जब जब भी उसकी किसी कहानी को ठुकराया गया तब तब वह उस कहानी की गलतियों से सीख लेकर और भी अच्छा लिखा करती थी सर।
एक तरह से देखा जाए तो उसकी जिंदगी का सिर्फ और सिर्फ एक ही उद्देश्य था अच्छी लेखिका बनना। लेकिन सर जिंदगी में बाकी चीजें भी तो होती है ना वह 26- 27 साल की हो चुकी थी और उसकी शादी नहीं हुई थी। मैं उससे एक साल ही छोटी थी।
रायसागर परिवार वैसे तो बहुत बड़ा और रईस परिवार है, लेकिन मेरी सासू मां को मेरे पतिदेव के लिए एक सामान्य घर की सामान्य सी लड़की चाहिए थी। शायद इसलिए जिससे उस सामान्य सी लड़की को वह अपने पैर के अंगूठे के नीचे दबा कर रखा सकें। मेरी बुआ और मेरी सासू मां की बहन की ननंद आपस में पहेलियां थी तो बस उसी कनेक्शन से मेरी सासू मां ने मुझे देखा और पसंद कर लिया और मैं इनके घर में बहू बनकर आ गई।
मेरी शादी में कामिनी नहीं आ पाई थी। और उसके बाद मेरी बहुत समय तक कामिनी से कोई मुलाकात नहीं हुई । फिर हमारे कॉलेज की एलुमिनि हुई जिसमें मुझे भी जाने का मौका मिलने वाला था। मैं बहुत खुश थी क्योंकि मैं अपनी सारी कॉलेज के दोस्तों से मिलने वाली थी और उसी कॉलेज की एलुमिनी मैं मेरे ससुर जी को चीफ गेस्ट के तौर पर बुलाया गया था।
वहां स्टेज पर बैठे मेरे ससुर जी के ऑनर में कामिनी ने एक कविता पढ़ी थी… उसकी कविता इतनी ओजस्वी थी कि, सारा हॉल तालियों से गूंज उठा था। मैं तो इतनी खुश हुई कि मुझे लगा मैं स्टेज पर चढ़कर उसे गले से लगा लूं । लेकिन ससुर जी सामने थे और मैं उन का लिहाज करके चुप बैठी रही….. लेकिन मुझे क्या पता था कि वह दोनों ही मेरा लिहाज भूल जाएंगे।
सर उन दोनों को देख कर ही पता चलता था कि प्यार की वाकई कोई उम्र नहीं होती।
कामिनी के कविता सुनाने के बाद पापा जी बहुत खुश हुए। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब वह स्टेज से नीचे उतर कर आगे बढ़ने लगे तो कामिनी ने ही पीछे से उन्हें ऑटोग्राफ देने के लिए रोक लिया। उन्होंने ऑटोग्राफ देने के लिए अपना पैन निकाला और कामिनी ने अपना हाथ आगे बढ़ा दिया…
शायद यही से उन दोनों की दोस्ती की शुरुआत हुई थी ! मैंने उस दिन उन दोनों को देखा था सर , उस समय ऐसा बिल्कुल नही लगा था कि इनकी ये छोटी सी मुलाकात प्यार में बदल जाएगी।
बाद में जब उनके और कामिनी के बारे में मालूम चला तब एक पल को तो मुझे बहुत बुरा भी लगा कि पापा जी ऐसे कैसे सोच सकते हैं? लेकिन वह दिल से कलाकार थे साहित्यकार थे और इसीलिए उन्हें उनका दिल समझने वाली लड़की चाहिए थी, जो शायद उन्हें जिंदगी भर नहीं मिल पाई।
मम्मी जी टिपिकल हाउसवाइफ थी। घर-परिवार बच्चे, खाना पकाना.. बस इसी में उन्होंने अपनी जिंदगी स्वाहा कर दी। पापा जी के कोमल ह्रदय और उनकी कोमल भावनाओं की तरफ शायद ही मम्मी जी का कभी ध्यान गया हो, और पापा जी के जीवन की उसी कमी को कामिनी ने पूरा कर दिया।
मैं जानती हूं यह गलत था… लेकिन पता नहीं क्यों मुझे शुरू से पापा जी के लिए बहुत सहानुभूति होती थी।
पूरी दुनिया के लिए वह इतने बड़े साहित्यकार थे , लेकिन मम्मी जी उन्हें घर भर में हम सबके ही नही बल्कि नौकरों के सामने भी झिड़क दिया करती थीं। और शायद मम्मी जी की इन्हीं बेपरवाहियों का नतीजा निकला कि कामिनी धीरे-धीरे पापा जी की जिंदगी ही नहीं उनके घर में भी जगह बनाती चली गयी।
पहले मुझे लगा उन दोनों के बीच सिर्फ गहरी दोस्ती है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि पापा जी उससे दूसरी शादी कर लेंगे।
लेकिन उस दिन जब ऑफिस निकलने के पहले मेरे हस्बैंड और उनके भाई और साथ में काका जी सभी बैठ कर नाश्ता कर रहे थे कि पापा जी और कामिनी चले आए।
दोनों के गले में वरमाला डली हुई थी …दोनों हाथ पकड़े आए और हम सबके सामने खड़े हो गए। मम्मी जी का तो रोना धोना और सारा ड्रामा शुरु हो गया। घर में सभी उनसे नाराज हो गए।
मम्मी जी ने तुरंत जाकर कामिनी की गले से माला खींचकर निकाली और उसे एक बार में तीन चार तमाचे रसीद कर दिये, उनका बस चलता तो वहीं टेबल पर रखी छुरी निकालकर वह कामिनी के सीने के आर पार कर देतीं।
उन्होंने उसी वक्त कामिनी को धक्के मार मार कर घर से निकाल दिया… उस वक्त मेरे दादा ससुर भी जीवित थे और वहाँ मौजूद थे। उन्होंने मम्मी जी को रोकने समझाने की कोशिश की….. लेकिन सब कुछ बेकार हो गया पापा जी भी कामिनी के पीछे पीछे घर से निकल गए। “
” वैसे देखा जाए तो आपकी सास की भी इतनी कोई बड़ी गलती नहीं है। कोई भी औरत अपने पति को अपनी आंखों के सामने छिनता हुआ नहीं देख सकती।”
” आप सही कह रहे हैं सर!! शायद मैं भी मम्मी जी की जगह होती तो मेरा भी यही रिएक्शन होता, लेकिन इस रिएक्शन के पहले का उनका जीवन देखकर मुझे उनसे इस रिएक्शन की बिल्कुल उम्मीद नहीं थी। क्योंकि जब से मैंने उन्हें देखा था वह पापा जी के लिए बहुत न्यूट्रल हो चुकी थीं।
कभी ऐसा लगता ही नहीं था कि उन दोनों के बीच पति पत्नी का रिश्ता है। हमेशा पापा जी से जली कटी ही बातें किया करती थी। पापा जी के जितने साहित्य सम्मेलन होते थे उसमें वह अक्सर अकेले जाया करते थे। क्योंकि मम्मी जी के लिए यह सब कोरी बकवास थी। उन्हें ना पापा जी के साहित्य सम्मानों की कदर थी और ना ही उनकी किताबों की। और इसीलिए एक दिन कामिनी आई और पापा जी की सारी किताबें उठाकर ले गई।
उसने पापा जी को इस बात का एहसास करवाया था कि वह साहित्यकार से इतर एक पुरुष भी है। उसने उनकी सोई हुई भावनाओं को जगाया था सर। उनकी जिंदगी में औरत की कोमलता की जो कमी थी वह कामिनी ने पूरी कर दी थी। बाकी इससे ज्यादा उन दोनों का रिश्ता कैसा था, इस बारे में मैं ज्यादा कुछ नहीं जानती… पर हां इतना कह सकती हूं कि कामिनी ने उन्हें नही बहकाया! शायद पापा जी की जिंदगी में ही इतनी सारी कमियां थी कि उन कमियों का पूरक बनती चली गई कामिनी।”
” बहुत शुक्रिया आपका रेशमी जी!! आपने केस पर ऐसी रोशनी डाली की हमारा नजरिया ही बदल गया। “
” जी सर मैं चलती हूं… आपको जब भी जरूरत हो आप मुझे बुलवा लीजियेगा। लेकिन मैं थाने में नहीं आ पाऊंगी। ऐसे ही कहीं बाहर आकर आपकी मदद कर दूंगी। “
” जी।”
रेशमी उठकर अपना पर्स उठाये वहां से चली गई उसके वहां से निकलते ही पीछे कुर्सी पर बैठी नंदिनी सामने चली गई….
” यह तो कुछ अलग ही एंगल बना कर चली गई। अभी तक तो ऐसा लग रहा था जैसे रायसागर फैमिली इनडायरेक्टली यह कह रही है, कि कामिनी ने ही ऋषिकेश यानी अपने पति का खून किया है।”
” एक्जेक्टली !!! मुझे भी ऐसा ही लग रहा था लेकिन इस रेशमी ने तो आकर केस का कायापलट कर दिया। अब तो यार मेरी उंगली इस रेशमी की सासू मां की तरफ जा रही है।
” नो वे!! वह किसी हाल में अपने पति का मर्डर नहीं कर सकती… तुमने ध्यान नहीं दिया रेशमी ने कहा ना कि वह एक टिपिकल हाउसवाइफ है । तो ऐसी औरतें भले ही जिंदगी भर अपने पति को गालियां देंगी। लेकिन हर तीज और करवा चौथ पर पानी की एक बूंद पिए बिना पति की लंबी उम्र के लिए उपवास जरूर करती हैं। और ऐसी औरतें भले ही कितना भी लड़ झगड़ लें लेकिन कभी अपने पति को नहीं मार सकती। “
” बात तो तुम्हारी सही है नंदू!! आखिर ऋषिकेश राय सागर को मारने से किस किस का फायदा था यह भी देखना पड़ेगा।
चलो एक बार फिर रायसागर मेंशन का चक्कर लगा कर आते हैं…
” अच्छा शेखर इंद्रपुरी वाले केस का क्या हुआ?
” चलो गाड़ी में चलते चलते बताता हूं।
******
कामिनी की रातों की नींद दिन का चैन सब कुछ ऋषिकेश के साथ ही चला गया था। वह बस अपने कमरे की खिड़की पर बैठी सूनी सूनी आंखों से बाहर ऊंची ऊंची वादियों को देखती खोई रहती। उसे समझ नहीं आ रहा था कि जिंदगी ने कैसा मजाक किया था उसके साथ …26- 27 साल की उम्र तक जब तक लोग शादी करके कैरियर बना कर बच्चे कर लेते हैं… वह बस खाली-खाली बैठी कहानियां लिखा करती थी। और उसकी कहानियों का कुछ नहीं हो पा रहा था। ऋषिकेश उसकी जिंदगी में उसका लकी चार्म बन कर आया था । उससे शादी के 6 महीने बाद ही उसकी पहली किताब प्रकाशित हुई थी… और किताब का पहला हिस्सा ही इतना धमाकेदार साबित हुआ था कि वो उसका अगला भाग लिखने तैयार हो गई थी। उस समय उसने सोचा भी नहीं था कि उस कहानी का अगला हिस्सा भी वो कभी लिखेगी क्योंकि उसके हिसाब से वो कहानी पूरी हो चुकी थी लेकिन पाठकों की पढ़ने की चाह ने उसके मन में लिखने की चाह जगा दी थी।
तारीफों की भूख इस दुनिया की सबसे प्रबल भूख होती है ……यह सिर्फ वही समझ सकता है जिसे इतनी तारीफे मिलें…
सफलता पाना फिर भी आसान है लेकिन उस सफलता को बनाये रखना बेहद मुश्किल। और उसी सफलता को बनाये रखने के लिए जाने कितनी जद्दोजहद होती है, ये हर कोई नही समझ सकता।
उसकी कहानी के पहले भाग के प्रकाशन के बाद पाठकों ने जो भर भर कर उसके प्रति प्रेम जताया था कि वह अभिभूत हो गई थी… कि क्या वह सच में इतना अच्छा लिखती थी कि उसे मैजिक क्वीन के खिताब से नवाज़ दिया जाए।
यही नाम तो दिया था उसके कदरदानों ने और एक इतवार जब उसका इंटरव्यू आना था तब ऋषि ने बिना उसकी बात समझे अपनी बात उस पर थोप दी थी।
जहाँ उसका इंटरव्यू होना था उस स्टूडियो में बाहर लोगों की भीड़ लग गई थी सिर्फ अपनी लेखिका की एक झलक देखने के लिए, उसकी आवाज़ सुनने के लिए…
वह सब कुछ कितना खूबसूरत था। उस शाम उसके दिल में कुछ अलग सी तरंगे चल रही थी। वह इतनी उत्सुक और उत्तेजित कभी नहीं हुई थी । उसने शायद शादी के बाद पहली बार रहा होगा जब मेकअप लगाया था। चेहरे पर हल्की सी लिपस्टिक लगाकर अपने लंबे बालों को संवार रही थी और साथ ही गुनगुना भी रही थी कि तभी ऋषिकेश कमरे में चले आए थे…-” क्या बात है आज हमारी लेखिका जी बड़ी चहक रही हैं।”
” इंटरव्यू के लिए बुलाया गया है मुझे “दैनिक उजाला” के ऑफिस मे।”
” व्हाट ? तुमने बताया नहीं मुझे।”
” अभी बता दिया ना। “
” नहीं कामिनी लेकिन आज मेरी साहित्यिक गोष्ठी होनी है। और उसमें तुम मेरे साथ चलने वाली हो ना।”
” हो सके तो साहित्य गोष्ठी में आप अकेले चले जाइए मुझे इंटरव्यू में जाना है।”
” नहीं!!! मैंने कह दिया मतलब कह दिया… तुम मेरे साथ चल रही हो। “
” लेकिन मैंने इंटरव्यू के लिए हां कह दी है। उन्होंने यह टाइम स्लॉट मुझे दिया हुआ है… अगर मैं नहीं पहुंची तो वहां मुझे देखने आए इतने सारे पाठकों की उम्मीदें टूट जाएंगी।”
” तुम कोई फिल्मी तारिका हो जो तुम्हारे पाठक तुम्हें देखना चाहते हैं ? अरे लेखक हो तुम… बस लेखक। तुम जो लिखती हो वह पाठक पढ़ते हैं …बस इससे ज्यादा एक लेखक और पाठक का कोई रिश्ता नहीं होता।”
” आप ऐसा कह रहे हैं? जबकि आप खुद इतने बड़े साहित्यकार हैं! आप अच्छे से जानते हैं कि पाठक अपने लेखक से किस कदर जुड़ जाते हैं। यह पाठक ही तो होते हैं जो एक साधारण से व्यक्ति को पहले लेखक और फिर सेलिब्रिटी बना देते हैं। इन पाठकों की भी इच्छाएं कितनी छोटी छोटी और प्यारी प्यारी सी होती है। वह देखना चाहते हैं कि उनका लेखक कहां बैठकर लिखता है? किस कलम से लिखता है? किस डायरी में लिखा करता है? वह देखना चाहते हैं कि उनका लेखक चश्मा लगाता है, या नहीं? वह जानना चाहते हैं कि उनका लेखक सुबह के वक्त पर लिखता है या रात में जाग जाग कर लिखता है? वह वो सब कुछ जानना चाहते हैं अपने पसंदीदा लेखक के बारे में जो जायज़ भी है।
और अगर कोई लेखक अपने पाठकों से अपनी व्यक्तिगत बातें शेयर करता है.. अपनी तस्वीरें शेयर करता तो… इसमें गलत क्या है ? क्या सिर्फ फिल्मी तारिकाओं को ही हक है अपनी तस्वीरें दिखाने का? क्योंकि वह खूबसूरत दिखती है।
अगर मैं सिर्फ लिखती हूँ और मैं खूबसूरत नहीं हूं तो क्या मुझे हक नहीं बनता कि मेरे पाठक मुझे देखें? मैं जानती हूं कि मेरी शक्ल चाहे जैसी भी हो.. लेकिन मेरे पाठकों को मैं हमेशा खूबसूरत लगूंगी, क्योंकि वह मुझ में सिर्फ मेरा चेहरा नहीं देख रहे होते वह मेरे चेहरे पर मेरी कहानियां भी देखते हैं, मेरे किरदार देखतें हैं।
” देख रहा हूं अपनी उम्र से बड़ी-बड़ी बातें करने लग गई हो आजकल।”
” उमर भी ऐसी कोई कम नहीं है मेरी… सत्ताईस की हो गई हूं।”
” मैं सन्तावन (57) का हूं।’
” होंगे! लेकिन बातें तो बच्चों वाली कर रहे हो।”
और बस इसके बाद एक करारा सा थप्पड़ पड़ा था कामिनी के चेहरे पर और वह घूम कर नीचे गिर पड़ी थी।
पैर पटकते हुए ऋषिकेश कमरे से बाहर निकल गया था और वह पलंग पर पड़ी पड़ी रोती रही थी।
फिर कहाँ की साहित्यिक गोष्ठी और कहाँ का इंटरव्यू? सब धरा का धरा रह गया था।
ऐसा नहीं था कि उसकी जिंदगी में सिर्फ आंसू थे… ऋषिकेश में उसे प्यार भी खूब दिया था। जितना उसने कभी सोचा भी नहीं था।
पर हां उम्र का अंतर तो दिख ही जाता था। उन दोनों के बीच एक दो नहीं पूरी तीन जनरेशन का अंतर भी तो था।
देखा जाए तो वह उनके दोनों बेटों से छोटी थी। और इस लिहाज से शायद ऋषि उससे कुछ ज्यादा ही समझदारी की उम्मीद कर लिया करते थे। और उसके अंदर का बचपना जब तब उसे मुंह खोलने पर और उनसे बहस करने पर मजबूर कर दिया करता था।
कामिनी ने वही अपनी टेबल पर रखी ऋषि और खुद की तस्वीर उठा ली…. ऋषि के चेहरे पर प्यार से हाथ फेरते हुए उसने उस तस्वीर को सीने से लगा लिया…..
“वापस आ जाओ ऋषि प्लीज वापस आ जाओ!!! तुम्हारे बिना जीना तुम्हारे संग जीने से भी कहीं ज्यादा मुश्किल है…..
क्रमशः
aparna ….
