.
अपराजिता -36
दरवाज़ा बंद था, अँधेरा घिरने लगा था..
राजेंद्र से ज्यादा भावना परेशान थी, उसे रह रह कर अपनी माँ की याद आ रहीं थी.. उसके पास कोई अलग से मोबाइल भी ना था..
वो जब भी कुसुम के साथ कहीं जाती तब अपने घर के एकमात्र मोबाइल को लेकर नहीं जाती थी,मोबाइल माँ के पास ही रहता जिससे वो कुसुम के मोबाइल से अपनी माँ को सम्पर्क कर सके..
लेकिन आज वो बुरी तरह फंस गयी थी..
आज कुसुम भी तो उसके साथ नहीं थी..
कुछ देर में दरवाज़े पर कुछ खटर पटर होने लगी.. राजेंद्र और भावना दोनों की आंखें दरवाज़े पर चिपक सी गयी..
भावना का दिल तेज़ी से धड़क रहा था.. एक तो आजकल के टीवी समाचार सुन सुन कर वैसे ही दिमाग ख़राब हो रखा था, आजकल तो लड़कियों से बदला लेने के नाम पर लड़कियों की इज्जत के साथ जो खिलवाड़ किया जाता था उसे सोच सोच कर वो और भयभीत हुई जा रहीं थी..
तभी एक झटके से दरवाज़ा खुल गया..
दुलारे काका जल्दी से अंदर चले आये.. उन्होंने आते ही पहले राजेंद्र के हाथ खोले और फिर भावना की तरफ लपक लिए..
दुलारे को देखते ही भावना फूट फूट कर रो पड़ी..
“बिटिया अभी रोने का बखत नहीं है, जितनी जल्दी हो सके यहाँ से जाओ… भाग जाओ ! कहीं चंद्रा के गुंडे आ गए तो नहीं बचा पाएंगे हम तुम लोगन को.. !”
“काका.. कुसुम कैसी है ?”..
भावना को अब भी अपनी सहेली कुसुम की चिंता सता रही थी, क्योंकि वह जानती थी कि उसे तो सिर्फ साथ देने की सजा मिली है, लेकिन कुसुम से तो गुनाह हुआ था, जिसकी कोई मुआफी नहीं थी चंद्रा की नज़र में..
“वो ठीक है… तुम दोनो निकलो यहाँ से.. !”
राजेंद्र खुद को झाड़ता पोंछता खड़ा हो गया.. उसने भावना की तरफ हाथ बढ़ा दिया.. भावना भी उसकी हथेली थाम कर खड़ी हो गयी..
उन दोनों को पीछे से ठेलते हुए दुलारे काका बाहर की तरफ ले गए और वह लगातार बड़बड़ाते भी जा रहे थे कि राजेंद्र को यह गांव छोड़कर अपने शहर चले जाना चाहिए। और उसे वापस कभी नहीं लौटना चाहिए। भावना को भी वही समझा रहे थे कि भावना अपनी मां को लेकर अपने मामा के घर चली जाए या अपने पिता के पास दुबई चली जाए ।
भावना की समझ से बाहर था कि वाकई इस वक्त वह क्या करे? उसे पता था कि अगर वह यहां से निकल कर भाग भी गई तो भी अगर चंद्र भैया का दिमाग बिगड़ा तो वह उसके घर से उसे उठाकर ले जाने की हिम्मत भी रखते हैं। राजेंद्र भी इस बात को समझ रहा था…
दुलारे काका जाने किस की पुरानी फटीचर सी एक बाइक लेकर आए थे, उसकी चाबी उन्होंने राजेंद्र को पकड़ा दी..
” भावना बिटिया को उसके घर में उतारकर आप टेसन(स्टेशन)चले जाना डाक्टर बाबू और वहां इस गाड़ी को खड़ी करके चाबी टेसन मास्टर को दे देना। जो पहली गाड़ी मिले उसे पकड़कर यहां से निकल जाइए। आपकी जान को बचाने का बस यही एकमात्र रास्ता है हमारे पास..!”
राजेंद्र ने एक गहरी सी सांस भरी और भावना की तरफ देख कर उस बाइक में चाबी घुमा दी। भावना भी अपने आंसू पोछती बाइक की तरफ बढ़ी और फिर जाने क्या सोचकर वापस दुलारे काका के पास चली आई ।
” अब का हुई गवा बिटिया?”
दुलारे काका की आंखों में सवाल था और चेहरे पर हड़बड़ी के भाव ।
भावना ने पलभर उनकी झुर्रियां पड़े चेहरे की तरफ देखा और झुक कर श्रद्धा से उनके पांव छू लिये।
दुलारे काका चौक कर पीछे हट गए।
” पाप काहे चढा रही बिटिया, एक तो बिटिया हो ऊपर से बामणी, तुमसे पैर छूला गए तो नरक में भी जगह नहीं मिलेगी हमें…।”
” नर्क में तो वैसे भी आपको जगह नहीं मिलेगी काका, क्योंकि 100 साल पूरे कर के जब जाओगे ना तो स्वर्ग के फरिश्ते भी आप का रास्ता देखेंगे।”
मुस्कुराकर झिलमिलाती आंखों से काका को एक नजर देख भावना राजेंद्र की गाड़ी में पीछे बैठ गई। राजेंद्र ने गाड़ी आगे बढ़ा दी। उन दोनों को भी कहां पता था कि यह काका से उनकी आखिरी भेंट मुलाकात थी।
राजेंद्र ने गाड़ी भावना की घर की तरफ घुमा दी। इसी बीच आधे रास्ते से सरना भी अपनी बाइक में उन दोनों के साथ हो गया। राजेंद्र की लूटी पीटी सी हालत देखकर उसे काफी कुछ समझ में आ गया बाकी बातें गाड़ी में चलते चलते राजेंद्र और भावना ने सरना को बता दी। भावना के घर पर उसे उतारकर राजेंद्र अपने घर की तरफ निकल गया। भावना अपने घर में दाखिल हुई और उसकी उड़ी हुई रंगत, फटे हुए कपड़े और बिखरे बाल देखकर उसकी मां जो कि हाथ में पानी का गंज लिए बाहर से भीतर आ रही थी, एकदम से घबरा गई।
उनके हाथ का पानी का कलसा उनके हाथ से छूट कर जमीन पर बिखर गया, और पूरा पानी फर्श पर फैल गया ।
भावना भाग कर अपनी मां के पास पहुंच गई।
” घबराओ मत, जितना बुरा तुम सोच रही हो उतना बुरा नहीं हुआ है हमारे साथ।”
भावना की तरफ भरी भरी आंखों से देखती उसकी मां ने उसके फटे कपड़ों को हाथ लगाया और सवालिया नजरों से उसकी तरफ देखने लगी।
” हां कपड़े जरूर हमारे फट गए हैं, लेकिन तुम्हारी बिटिया की इज्जत बरकरार है माँ !”
भावना के मुहँ से ये सुन कर उसकी माँ बिलख पड़ी… मन भर के रो लेने के बाद उन्होंने एक तरफ इशारा कर दिया। भावना उस तरफ बढी, वहां उसका मोबाइल रखा था।
मोबाइल उठाकर वह अपनी मां के पास चली आई। उसकी मां ने अटक अटक कर उसे बताया कि दुबई से उसके पिता का फोन आ रहा था, लेकिन जब तक वह उठाती फोन कट गया।
उसके बाद उन्होंने वापस फोन लगाने की कोशिश की लेकिन उनका नंबर नहीं लगा। भावना ने धीरे से हां में गर्दन हिलाई और मोबाइल को एक तरफ रख कर अपने कमरे में चली गई….
नल खोल कर बाल्टी में भरते पानी की धार सुनते हुए भी उसके दिल में एक गहरा कोलाहल मचा हुआ था। वह रगड़ रगड़ कर अपने हाथ से उस छुअन को छुड़ा देना चाहती थी जहां पर चंद्रा भैया के गुंडे ने उसे पकड़ा था। उसकी बाँह उसकी कलाई जिन्हें पकड़कर उसे घसीटा गया था। उसके बाल जिन्हें खींचकर उसे जमीन पर पटक दिया गया था। उसका पेट जहां पर चंद्रा भैया के गुंडे ने अपने जूतों से प्रहार किया था। उसकी पीठ जहां पर उन लड़कों ने जाने कितने मुक्के बरसाए थे।
वह उस हर एक जगह से उन बेहूदा लड़कों के विभत्स स्पर्श चिह्न मिटा देना चाहती थी।
और एक बार फिर वह अपने बाथरूम में बैठी अपने घुटनों पर अपना सिर डाले बिलख बिलख कर रोने लगी। अब तक उसे वह एकांत, वह सुकून नहीं मिला था जहां वह अपने अंदर का पूरा जलजला बाहर आ सके। वह बाथरूम में जोर से चीख पड़ी… पानी की धार की आवाज में उसकी चीख की तेजी को रोक नहीं पाई और उसकी आवाज बाहर रसोई में चाय चढ़ाती उसकी मां की कानों में भी पड़ गई। वह भागकर भावना के पास चली आई। बाथरूम के दरवाजे पर वह जोर-जोर से थाप देने लगी और भावना अपने आप को संभाले धीरे से दरवाजे तक पहुंच गई।
” हम ठीक हैं अम्मा, आप परेशान मत होइए…!”
“नहीं नहीं भावना, तुम बाहर आओ अभी के अभी।”
जल्दी-जल्दी अपने ऊपर दो-चार लोटा पानी उड़ेल कर भावना ने कपड़े पहने और भीगे बालों के साथ बाहर निकल आई।
पर जो भी था नहाने के बाद अब उसे कुछ ठीक लगने लगा था। वह चुपचाप आकर एक कुर्सी में बैठ गई, और उसकी मां उसके लिए चाय का प्याला ले आई।
उसी वक्त भावना का मोबाइल बजने लगा, उसने देखा दुबई से उसके पिता का फोन था।भावना ने लपक कर फोन उठा लिया..
” बाबूजी अब हम लोग यहां नहीं रह सकते। हम और मां आपके पास आ जाना चाहते हैं..!”
” ऐसा नहीं हो सकता..।”
उसके बाबू जी ने वही रटा हटाया जवाब दे दिया।
” बाबूजी आप समझने की कोशिश कीजिए। यह गांव अब वैसा नहीं रह गया जैसा इसे आप छोड़ कर गए थे। हम दोनों का यहां रहना बहुत मुश्किल हो गया है, हमे यहां से निकलना ही पड़ेगा..।”
“ऐसा क्या हो गया..?”
बड़े ही नपे तुले शब्दों में भावना के पिता ने उधर से सवाल किया और भावना सिसक उठी। उसने आज पहली बार अपने पिता से इतनी लंबी बात की थी। इसके पहले जब भी उसके पिता से उसकी बातचीत होती थी वह हमेशा सिर्फ उसे यही बताने के लिए फोन किया करते थे कि उन्होंने उसके अकाउंट में रुपए डाल दिए हैं। जब भावना उन्हें रुपए जांच कर बता देती कि हां रुपए उसे मिल गए हैं तब वह फोन रख दिया करते थे। इससे ज्यादा बातें आज तक उन दोनों की नहीं हुई थी, लेकिन आज भावना ने अपने पिता को अपने साथ बीती हर एक बात बता दी।
इतना ही नहीं पिता के वहां से जाने के बाद से जो कुछ भी था, उसने हर एक बात अपने पिता को बता दी। उसे नहीं मालूम था कि उसकी बातें सुनने वाला उधर दूसरी तरफ अपनी खाली-खाली आंखों से अपने छोटे से दङबे से कमरे की रंग उङी दीवारों को देखता हुआ उदासी में डूबा बैठा था……..
उसके हाथ में भी जितना वह कर सकता था, उससे ज्यादा कुछ नहीं था। वह चाह कर भी भावना और उसकी मां को दुबई नहीं बुला सकता था। लेकिन भावना इस वक्त कुछ भी सुनने और समझने को तैयार नहीं थी। भावना बेशक एक समझदार लड़की थी लेकिन आज ज़माने के थपेड़ों ने उसे अपने पिता से हील हुज्जत करने पर मजबूर कर दिया था।
जो बच्चा कभी कहीं किसी से कुछ नहीं कह पाता वह अक्सर अपने सबसे निकटतम संबंधियों के सामने मुखर हो पड़ता है।
वैसे भी जो बच्चा बाहरी दुनिया के लिए एकांत प्रिय होता है वह अपने माता-पिता से सबसे ज्यादा बातें करता है…।
ऐसा ही कुछ भावना के साथ हुआ। वह बार-बार चंद्रा भैया के किए अत्याचार बताते हुए बिलख रही थी,और बस अपने पिता से यही गुजारिश कर रही थी कि वह उसे और उसकी मां को 2 दिन के अंदर अपने पास बुला ले। अथवा चंद्र भैया उसे और उसकी मां को मार डालेंगे। उसका बिलखना सुनकर वह भी पसीज उठे थे…
” देखता हूं, कुछ करता हूं..।”
उन्होंने फोन रखा और भावना के चेहरे पर हल्के से राहत के आसार नजर आने लगे उसे लगा अगर वह अपने पिता के पास पहुंच गई तो इस गांव की छोटी सोच से दूर निकल जायेगी…
****
अखंड आज सुबह से बहुत खुश था…
यूथ फेस्टिवल का आज भले ही अंतिम दिन था, लेकिन आज रंगारंग संस्कृतिक कार्यक्रम होना था..
उसने एक दो बार लुक छिप कर रेशम को अपनी सहेलियों के साथ डांस की प्रेक्टिस करते देखा था..।
वो तो पहले ही रेशम पर दिल जान से फ़िदा था, लेकिन हर बार रेशम का ऐसा कोई नया रूप सामने आ जाता की वो उस पर अपनी जान हार बैठता…
आज शाम के लिए वो विशेष रूप से तैयार हुआ था.. गहरे नीले रंग के कुर्ते पर उसके सोने के बटन टँके थे, दिवाली पर उसकी अम्मा ने उसके लिए विशेष रूप से ये कुरता तैयार करवाया था… उसी कुर्ते को पहनने के बाद वो अपने पंटरों के साथ मेडिकल जाने के लिए तैयार होकर निकल पड़ा….
शाम जैसे जैसे गहराती जा रहीं थी, वैसे वैसे मेडिकल में भीड़ भी बढ़ती जा रहीं थी.. ठीक छः बजे कार्यक्रम शुरू हो गया..
एक के बाद एक नृत्य गीत होते जा रहें थे। लेकिन अखंड बाबू की नजरे जिन्हे देखने का इंतज़ार कर रहीं थी वो बादलों के पीछे छिपे चाँद सी जाने कहाँ छिपी बैठी थी..।
आखिरकार एन्कर ने रेशम का नाम लिया और अखंड को लगा जैसे वहां अचानक सौ दिये जल उठे हो..
मालती गुन्धाय, केश प्यारे घुघुवारे
मुख दामिनी-सी दमकत, चाल मतवारी…..
जब तक रेशम का डांस चलता रहा अखंड ने पल भर को ऑंख नहीं झपकी…
ऐसा लग रहा था जैसे वो साँस लेना भूल गया था..
रेशम ने बचपन में कुछ ग्यारह महीनो तक कथक नृत्य सीखा था, और इसलिए उसके नृत्य में वो लय ताल वो अदा थी कि सामने वाला देख कर मोहित हो जायें..
इस एक गाने के साथ उसने अपनी लय छोड़े बिना एक गोल चक्कर लिया और पैरों की थाप पर अपने चेहरें की भाव भंगिमा साधती वो आँखों के इशारों से जैसे नृत्य कर रहीं थी..
ढाई श्याम रोक लई, रोक लई, रोक लई
ढाई श्याम रोक लई, और चक मुख चूम लई
सर से मोरी चुनरी गयी, गयी गयी
सर से मोरी चुनरी गयी सरक सरक सरक
सरक सरक सरक, सरक सरक सरक
हर एक ताल पर यूँ लग रहा था जैसे उसके शरीर का पोर पोर नृत्यरत है…
क्या आंखें, क्या भँवे, क्या होंठ, क्या हथेलियां, क्या उँगलियाँ, क्या पैर, क्या कमर और क्या भावभंगिमा… उसके शरीर का हर एक हिस्सा नाच रहा था और देखने वाले उस जादू में डूबते चले जा रहें थे..
काहे छेड़ छेड़ मोहे गरवा लगाये
काहे छेड़ छेड़ मोहे
नन्द को लाल ऐसो ढीठ
बरबस मोरी लाज लीन्ही, लाज लीन्ही
बिंदा शाम मानत नाही
कासे कहूँ मैं अपने जिया की सुनत नाही माई…
काहे छेड़ छेड़ मोहे..
कान्हा से पीड़ित हर गोपी के मन की मीठी सी व्यथा जिसमे गोपी स्वयं जीवन भर उसी पीड़ा से व्यथित रहना चाहती है का दृश्य साकार सजीव हो उठा था..
देखने वालों को रेशम में रेशम नहीं बल्कि कान्हा की प्रीत में बंधी राधा नज़र आ रहीं थी..
ऐसा लग रहा था, वहाँ बैठे हर किसी को सांप सूंघ गया हो…।
इसके पहले जितने तड़क भड़क गानों पर नृत्य हुआ था, उन गानों ने भले ही वहाँ बैठे लड़कों के दिलों पर लाखों बिजलियाँ गिरायी हो पर रेशम का ये गीत एक मीठी और धीमी फुहार बन कर बरसा था..।
गाने के अंतिम अंतरे पर उसने खुद को साध कर गोल चक्कर लगाना शुरू किया। हर एक चक्कर के बाद पैर से एक थाप लेती वह लगातार चक्कर लगा रही थी। और वहां बैठा हर कोई अपलक नेत्रों से इस अप्रतिम नृत्य साधना को देख रहा था। जैसे ही गाना समाप्त हुआ रेशम एकदम से रूकी और अपने दोनों हाथ जोड़कर सम्मान में नीचे आधी झुक गई।
पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
और उस वक्त अखंड ने एक गहरी सांस ली। उसने पलक झपकी और बहुत देर से आंखें खुली रह जाने से बंद करते ही आंख से एक मोती बरस पड़ा…
आज उसने दिल ही दिल में एक प्रतिज्ञा ले ली थी कि, अगर उसका ब्याह रेशम से नहीं हुआ तो फिर किसी और लड़की से कभी ब्याह नहीं करेगा।
अब उसके तन मन पर अगर कोई लड़की राज करेगी तो वह सिर्फ और सिर्फ रेशम होगी।
पता नहीं भावुकता का कैसा अद्भुत सैलाब था कि अखंड वहां से उठा और तुरंत बाहर चला गया। उसके पंटर गोलू और लल्लन को समझ में ही नहीं आया कि उनके अखंड भैया के साथ क्या हुआ है?
वह लोग भी तेजी से भागते हुए अखंड के पीछे वहां से बाहर निकल गए।
इन सब से एक तरफ खड़ा धीरेंद्र होठों से होठों में मुस्कुरा रहा था। स्टेज से उतरकर रेशम बहुत प्रसन्न थी।
पूर्वा ने उसे गले से लगा लिया था।
” वाओ क्या डांस किया यार तूने माधुरी दीक्षित फेल है तेरे सामने रेशु। “
रेशम हंसकर रह गई। उसकी क्लास की लड़कियां लड़के उसे आकर बधाइयां देते चले जा रहे थे। उसी वक्त पूर्वा जिसने रेशम का पर्स अपने कंधों पर टंगा हुआ था पर से मोबाइल निकाल कर उसे थमाने लगी।
“यह देख ले। लगातार कोई नोटिफिकेशन आ रहा है।”
रेशम ने पूर्वा के हाथ से मोबाइल ले लिया…
मोबाइल लेते ही उसका ध्यान उन नोटिफिकेशन पर गया.. उसके व्हाट्सएप पर किसी अनजान नंबर से कुछ तस्वीरें भेजी गई थी।
अपने उत्साह में मगन रेशम कॉरिडोर की कुर्सी पर बैठी पानी पीने लगी। पानी पीते हुए उसने अनजान नंबर को खोल लिया। और उस नंबर को खोलते ही उसकी आंखें फटी की फटी रह गई।
उसमें जितनी तस्वीरें थी उन तस्वीरों में बड़ी आपत्तिजनक अवस्था में वह अखंड के साथ नजर आ रही थी।
किसी तस्वीर में अखंड से चिपकी हुई थी,और वो उसके चेहरे पर झुका हुआ था।
किसी में उसके बाल पीछे कर रहा था, तो किसी में उसकी गर्दन पर अपने होंठ रखे हुए था !
इन तस्वीरों को देखकर वह गुस्से में उबलने लगी। उसने तुरंत उन तस्वीरों को डिलीट कर दिया। लेकिन तभी वापस उस नंबर से वही तस्वीरें एक बार फिर चली आई और साथ में मैसेज भी लिखा हुआ आ गया…..
” तुम्हारे तस्वीर डिलीट कर देने से क्या होगा? अगर तुमने मेरी बात नहीं मानी तो यह तस्वीरे कल कि कल पूरी यूनिवर्सिटी में मौजूद हर एक मोबाइल पर नजर आने लगेंगी। अब सोच लो कि तुम क्या करना चाहती हो?”
रेशम का दिल किया कि अपने मोबाइल को उठाकर पत्थर पर पटक कर फोड़ दे। लेकिन वह जानती थी कि मोबाइल तोड़ देने से कोई फायदा नहीं होने वाला, कुछ देर पहले का उसका सारा उत्साह तिरोहित हो गया और गुस्से में अपना सर पकड़े वहीं एक तरफ ढह गई…
क्रमशः
aparna….
